भिंड सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

भिंड सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

(एचसी पाण्डेय)
(भिण्ड)

सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर, फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर 2500 रुपये लिए गए और उसे फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर दे दिया गया। जब फरियादी ने आरटीओ कार्यालय में जानकारी ली तो लाइसेंस फर्जी पाया गया। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली भिंड में अपराध क्रमांक 221/26 धारा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 337, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिंड मृगेश कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनी पाटक एवं नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आरटीओ कार्यालय के पीछे पानी की टंकी के पास मौजूद हैं और फर्जी लाइसेंस तैयार करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों में से एक पहले आरटीओ कार्यालय में एजेंट के रूप में कार्य करता था और लोगों के दस्तावेज लेकर लाइसेंस बनवाने का काम करता था। बाद में उसने अपने साथी के साथ मिलकर लैपटॉप और विशेष कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की मदद से फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार करना शुरू कर दिया। आरोपी लोगों से दस्तावेज और पैसे लेकर नकली लाइसेंस बनाकर देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक एचपी कंपनी का लैपटॉप, एक प्रिंटर, तीन फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस कार्ड, चार खाली प्लास्टिक कार्ड एवं दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे अन्य फर्जी लाइसेंस बनाने के मामलों का भी खुलासा हो सकता है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुकेश शाक्य, उपनिरीक्षक अमित सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक हरवीर सिंह, आरक्षक गौरव तोमर, सौरभ शर्मा, विवेक मिश्रा एवं नेपाल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Mukesh Seth

Chief Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *