★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
[उत्तर भारतीय समाज बागी बन सकता है पर बेईमान नही कहा पूर्व गृहराज्य मन्त्री व बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने]
{उत्तर मुंबई आने वाले चुनाव में नंबर-वन होगी : मनीषा चौधरी}
(सूरज निकलेगा, अंधेरा छंटेगा और मुंबई मनपा में कमल खिलेगा : राजहंस सिंह)
आने वाले कुछ ही महीनों में देश की सबसे धनी महानगरपालिका मुम्बई का चुनाव होने वाला है ऐसे में मुम्बई बीजेपी ने अपने क़द्दावर उत्तर भारतीय नेताओं को मैदान में उतार कर उत्तर भारतीयों को अपने पाले में लाने की कवायद शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में आज भायंदर में बीजेपी के उत्तर भारतीय नेताओं ने अपने समाज के लोगों को उनकी ताक़त का अहसास कराते हुए उनमें जोश भरा।

इस मौके पर पूर्व गृहराज्य मन्त्री व महाराष्ट्र बीजेपी के उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने कहा कि अन्याय के खिलाफ बगावत करना हर इंसान का धर्म है। उत्तर भारतीय समाज भी बागी बन सकता है, परंतु वह कभी बेईमान नहीं हो सकता। महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व गृह मंत्री कृपाशंकर सिंह के इस ओजस्वी भाषण के बाद दहिसर (प.) में उत्तर भारतीय मोर्चे के चौपाल कार्यक्रम में पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
दहिसर विधानसभा क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन विधायक मनीषा चौधरी के मार्गदर्शन में मंडल अध्यक्ष अरविंद यादव और दहिसर विधानसभा क्षेत्र के उत्तर भारतीय मोर्चा मंडल अध्यक्ष संतोष कनोजिया ने आयोजित किया था।
जिसमें विधायक मनीषा चौधरी, नगरसेवक जगदीश ओझा व कार्यकर्ताओं ने कृपाशंकर सिंह को महाराष्ट्र भाजपा का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर और परिश्रमी उत्तर भारतीय समाज का लाल गमछा देकर सम्मान किया।
इस चौपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृपाशंकर सिंह ने मुंबई मनपा में भाजपा का महापौर बनाने के रोडमैप का हल्का सा जिक्र करते हुए कहा, मुंबई के 227 वार्डों में से पिछले चुनाव में भाजपा ने 83 पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा 50 वार्ड ऐसे थे। जहां भाजपा प्रत्याशी दूसरे नंबर पर थे। कुछ वार्ड में भाजपा 50 वोट तो कहीं हजार-डेढ़ हजार वोटों के अंतर से हारी है। ये 50 वार्ड ऐसे हैं।
जहां उत्तर भारतीय समाज दो हजार, चार हजार और यहां तक की कुछ वार्डों में 10 हजार तक की संख्या में है। इसलिए यदि अगर उत्तर भारतीय समाज एकजुट हो गया, तो मुंबई में भाजपा को महापौर बनाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। इसके साथ ही कृपाशंकर सिहं ने कहा कि आर्टिकल 370 का विरोध करने वाले हिंदुस्तानी नहीं हो सकते।
चौपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक मनीषा चौधरी ने कहा कि उत्तर मुंबई से भाजपा के इस वक्त 24 नगरसेवक हैं। भाजपा उत्तर मुंबई में आने वाले चुनाव में पूरी मुंबई में सर्वाधिक सीटें जीत कर नंबर-वन पर रहेगी। उन्होंने कहा कि एक बार मुंबई के लोगों और विशेषकर उत्तर भारतीयों ने यदि ठान लिया कि उन्हें जय श्रीराम की पार्टी चाहिए तभी भाजपा मुंबई मनपा चुनाव में 114 प्लस नगरसेवक जीताने के अपने लक्ष्य को हासिल करने में सफल होगी। भाजपा विधायक मनीषा चौधरी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि वे चाहते हैं कि मुंबई का अगला महापौर उत्तर मुंबई से बने, तो वे ज्यादा से ज्यादा सीटें उत्तर मुंबई में जीताकर भाजपा को दें।
उत्तर भारतीय मोर्चा की ओर से मुंबई भर में आयोजित होने वाले चौपाल कार्यक्रम के संयोजक दिंडोशी के पूर्व विधायक राजहंस सिंह ने कहा कि सूरज निकलेगा, अंधेरा छंटेगा और मुंबई मनपा में कमल जनता की ताकत से खिलेगा। इतना ही नहीं आने वाले वक्त में मुंबई मनपा में भाजपा का महापौर बनेगा।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और उत्तर भारतीय समाज से अपील की कि शिवसेना ने भाजपा के पीठ में छूरा घोंपने का जो काम किया है। उसके खिलाफ के गुस्से को 2022 के मनपा चुनाव में भाजपा के ईवीएम मशीन का बटन दबाकर निकालने का काम करें।
गौरतलब है कि भाजपा विधायक मनीषा चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में उत्तर भारतीय मोर्चा के मुंबई अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, चौपाल के संयोजक पूर्व विधायक राजहंस सिंह, जिलाध्यक्ष गणेश गणनकर, नगरसेवक विद्यार्थी सिंह,
हरिश छेड़ा, जगदीश ओझा , जितेन्द्र पटेल, एड. जयप्रकाश मिश्रा, श्रीकांत पांडे, दहिसर विधानसभा मंडल अध्यक्ष अरविंद यादव, उत्तर भारतीय मोर्चा मंडल अध्यक्ष संतोष कनोजिया और उत्तर भारतीय मोर्चा (मुंबई) के महामंत्री राम यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।






















