★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{नाइजीरिया का सबसे खूँखार आतंकी संगठन बोकोहराम व इस्लामी स्टेट वेस्ट अफ़्रीकन प्रोविंस के बीच चल रही थी लड़ाई}
[बोकोहराम पूरी दुनियां में उस वक्त चर्चा में आया था जब उसने वर्ष 2014 में 270 लड़कियों का किया था अपहरण, वह देश पर शरिया क़ानून चलाना चाहता था]
(बोकोहराम आतंकी सँगठन ने देश मे बड़ी सँख्या में लोगो का किया है क़त्लेआम और सुरक्षा बलों पर भी करते रहता है जानलेवा हमला)
♂÷पश्चिम अफ्रीकी देशों में आतंक का पर्याय बन चुका बोको हराम का सरगना अबूबकर शेकाउ मारा गया है। नाइजीरिया की एक खुफिया रिपोर्ट और बोको हराम पर रिसर्च करने वाले लोगों ने अबूबकर के मारे जाने की पुष्टि की है। इस्लामिक स्टेट ने एक ऑडियो रेकॉर्डिंग में रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अबूबकर शेकाउ अपने विरोधी गुट द इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीकन प्रोविंस के साथ संघर्ष में मारा गया है। इससे पहले पिछले महीने नाइजीरिया की सेना ने कहा था कि वह शेकाउ के कथित मौत की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि इस्लामिक स्टेट के साथ संघर्ष में अबूबकर शेकाउ बुरी तरह से घिर गया था और 18 मई को एक विस्फोट करके उसने अपनी जान ले ली। इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीकन प्रोविंस के नेता अबू मुसाब अल बरनावी ने अपने ऑडियो मेसेज में कहा, ‘अबूबकर शेकाउ अल्लाह ने उसे जन्नत भेजकर उसके साथ न्याय किया।’
बताया जा रहा है कि लेक चाड इलाके में संघर्ष के दौरान अबूबकर मारा गया और उसके विरोधी गुट ने भी अब इसकी पुष्टि कर दी है।
बोको हराम पर शोध करने वाले बुलामा बुकार्ती ने कहा कि इस्लामिक स्टेट अब लेक चाड में पूरे इलाके पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है, जो कभी बोको हराम का गढ़ माना जाता है। इस्लामिक स्टेट लंबे समय से अबूबकर को हटाना चाहता था।
माना जा रहा है कि अबूबकर की मौत के बाद अब दोनों ही गुटों में हिंसक प्रतिस्पर्द्धा खत्म हो सकती है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अब बोको हराम के लोग इस्लामिक स्टेट में शामिल हो जाएंगे और पूर्वोत्तर नाइजीरिया में अपनी पकड़ को और ज्यादा मजबूत कर लेंगे। अब इस्लामिक स्टेट सरकार और उसकी सेना पर अपने हमले तेज कर सकता है। पिछले 12 साल में कई बार ऐसी खबरें आई थीं कि बोकोहराम का कमांडर मारा गया है लेकिन इस बार उसके मारे जाने की पुष्टि हो गई।
बता दें कि बोको हराम पहली बार वर्ष 2014 में चर्चा में आया था। इस वर्ष उसने 270 स्कूली लड़कियों का अपहरण कर लिया था। इसके बाद से लेकर अब तक उसने कई बार बच्चों का अपहरण किया है। बोको हराम का खौफ नाइजीरिया में इस कदर है कि इसके आतंकियों के खिलाफ कोई गवाही भी देने को तैयार नहीं होता है।
इस संगठन की स्थापना ही नाइजीरिया में शरिया कानून को मानने वाली सरकार को स्थापित करने को लेकर किया गया था। इस आतंकी संगठन ने नाइजीरिया में न केवल बड़ी संख्या में लोगो का कत्लेआम किया है, बल्कि सुरक्षाबलों पर भी कई जानलेवा हमले किए हैं। इस क्षेत्र में लोगों का अपहरण, हत्या और सैन्य ठिकानों पर बोको हराम के आतंकियों का हमला अब भी वैसे ही जारी है