★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{इजरायल ने सीरिया होम्स प्रान्त में स्थित साइंटिफिक रिसर्च सेंटर और अन्य सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना}
[सीरिया ने हमलों से हुए नुकसान की जानकारी नही दी है बल्कि कहा कि एयरडिफेंस की ओर से इजरायल की मिसाइलों को मार गिराया गया है]
(पिछले दिनों हमास के साथ छिड़ी जंग के बाद इजरायल की तरफ़ से किसी भी देश या फ़ोर्स के खिलाफ है ये पहला हमला)
♂÷इजरायल की ओर से किए गए हमलों में सीरिया के 11 सैनिक मारे गए हैं। इजरायल ने सेंट्रल और दक्षिणी सीरिया को निशाना बनाते हुए ये हमले किए थे। एक वॉर मॉनिटर ने बुधवार को यह जानकारी दी है। इजरायल के हमले का शिकार होने वालों में एक अधिकारी भी शामिल है। इजरायल ने सीरिया के होम्स प्रांत में स्थिति साइंटिफिक रिसर्च सेंटर और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए ये हमले किए थे। इसके अलावा राजधानी दमिश्क के बाहरी इलाकों में भी हमले किए गए हैं। सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी ने इजरायल के हमलों में हुए नुकसान की विस्तार से जानकारी नहीं दी है।
हालांकि सीरियाई एजेंसी ने बताया कि एयर डिफेंस की ओर से इजरायल हमलों का जवाब दिया गया है। यही नहीं सीरिया की सेना ने दावा किया है कि उसकी ओर से इजरायल की कई मिसाइलों को मार गिराया गया है। बता दें कि बीते कुछ वक्त में इजरायल की ओर से सीरिया पर कई बार हमले किए गए हैं। सीरियन ऑब्जरवेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक 7 सैनिक और 4 नेशनल डिफेंस फोर्सेज के लोगों की हमलों में मौत हुई है। ग्रुप के मुताबिक इजरायल ने सैन्य ठिकानों के अलावा लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह के हथियार डिपो को भी निशाना बनाते हुए हमला किया है।
सीरिया में 2011 में हुए गृह युद्ध के बाद से अस्थिरता का माहौल है। तब से अब तक इजरायल की ओर से सैकड़ों हवाई हमले किए जा चुके हैं। इजरायल का कहना है कि वह हिजबुल्लाह को निशाना बनाते हुए ये हमले करता है। इसके अलावा ईरान समर्थित फोर्स भी उसके निशाने पर रहती है। बता दें कि पिछले दिनों हमास के साथ छिड़ी जंग के बाद इजरायल की ओर से किसी भी देश या फोर्स के खिलाफ यह पहला हमला है।






















