★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{लगातार 5 दिनों से जारी भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त,महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को रखा सार्वजनिक अवकाश}
[मुम्बई पुणे में भारी बारिश ने मचायी तबाही,दीवारें गिरने से 21 लोगो की गई जान,राहतकार्य में जुटी है एनडीआरएफ]

(मुम्बई शहर के कई इलाकों में भरा पानी,ट्रैफिक जाम से जूझ रहे मुंबईवासी तो ट्रेनों की आवाजाही भी हुई बंद)
{एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की फ़्लाइट लैंडिंग के वक्त फिसली,यात्री रहे सुरक्षित तो 54 विमानों के रूट करने पड़े डायवर्ट}
[10 सालों में पहली बार दो दिनों की बारिश में गिरा एक महीने का पानी,जलवायु परिवर्तन है इसके लिए जिम्मेदार=प्रवीण परदेसी]
♂÷शुक्रवार से जारी बरसात ने कभी न रुकने वाली मुम्बई की रफ़्तार पर ब्रेक से लगा दिए है जिससे आम जनजीवन भारी बरसात की वजह से अस्त व्यस्त से हो गए है,तो वही महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही की खबर है। भारी बारिश से मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया है, महाराष्ट्र में सिर्फ मंगलवार रात में ही तीन जगह दीवारें गिरी हैं। इन तीनों घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई है। दीवार गिरने की घटना मलाड ईस्ट, कल्याण और पुणे में हुई है। मलाड ईस्ट में 14 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कल्याण में एक स्कूल की दीवार 2 घरों पर गिरी जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई है, पुणे में सिंहगढ़ कॉलेज की दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हुई है। जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये घटनाएं आधी रात के आस-पास की हैं। पुणे में हादसा रात को करीब 1 बजकर 15 मिनट पर हुआ। फिलहाल तीनों जगह राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम लगी हुई है। इन हादसों में मरने वाले लोगों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 5-5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है,बिगड़ी स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन ने एक दिन के लिए सार्वजनिक छुट्टी का एलान कर दिया है। प्रशासन ने लोगों को हिदायत दी है कि बेहद जरूरी काम होने पर घर से बाहर निकलें। पिछले शुक्रवार पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीन अस्त व्यस्त हो गया है। दादर में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री के बाहर भी पानी भर गया।

पहली घटना : मलाड इस्ट के पिंपरी पाड़ा में 14 लोगों की मौत
मुंबई में बारिश से भारी तबाही की खबर आ रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक मलाड इस्ट के पिंपरी पाड़ा में मूसलाधार बारिश की वजह से एक दीवार गिर गई जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई है और 13 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें, मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है। इन्हें भारी बारिश के बीच कचड़े से निकाला जा रहा है। NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। लेकिन मुंबई में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। घायलों को जोगेश्वरी के ट्रमा सेंटर और कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर ब्रिगेड और NDRF की टीमों के पहंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने कुछ लोगों को बचाया।
दूसरी घटना : मुंबई से सटे कल्याण में हुई, 3 लोगों की मौत
भारी बारिश से दीवार गिरने की दूसरी घटना रात साढ़े बारह बजे मुंबई से सटे कल्याण में हुई है। यहां पर नेशनल उर्दू हाई स्कूल की कम्पाउंड की दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। इस दीवार के बगल में कुछ लोग रहते थे। इस दीवार के मलबे की चपेट में ये लोग आ गए। इस हादसे में 4 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम ने मलबे में से 4 लोगों को निकाला, इनमें से 3 की मौत हो चुकी थी। मरने वालों में 3 साल की एक बच्ची भी शामिल है। हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज कल्याण के रुक्मिणी बाई अस्पताल में चल रहा है।
तीसरी घटना : दीवार गिरने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत
मात्र तीन दिन पहले दीवार गिरने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत का गवाह बनने वाले पुणे में देर रात एक बार फिर दीवार गिरी। इस हादसे की चपेट में आकर 6 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4 लोग घायल हो गए हैं। ये हादसा पुणे के सिंहगढ़ कॉलेज की दीवार गिरने से हुआ है। ये कॉलेज अम्बेगांव में स्थित हैं।

दो दिनों में 540 मिलीमीटर हुई बारिश
बता दें मुंबई और महाराष्ट्र के कई इलाकों में शुक्रवार से प्रारम्भ हुई बारिश ने रविवार से भारी बारिश का रूप धर लिया है। BMC कमिश्नर प्रवीण परदेशी के मुताबिक बीते दो दिनों में ही 540 मिलीमीटर बारिश हुई है जो पिछले 10 सालों में सबसे ज़्यादा है। बारिश का पानी सड़कों पर भर गया है, जिससे मुंबई की रफ़्तार थम सी गई है। कई जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है, जिससे ट्रेनें धीरे चल रही हैं और कई रद्द कर दी गईं हैं। भारी बारिश का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने अभी 5 जुलाई तक ऐसे ही बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से बिगड़ते हालातों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 2 जुलाई मंगलवार को सार्वजनिक छुट्टी कर दी है।
वही घटनास्थलों पर NDRF की टीम पहुंच गई है और मलबे में दबे लोगों को निकाला जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में पुणे में जबर्दस्त बारिश हो रही है। आज भी महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, पालघर में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। जिन प्रमुख इलाकों में पानी भरा है उनमें भांडूप, थाणे, दादर, सायन, माटुंगा, परेल और वडाला, माहिम, सांताक्रूज, अंधेरी, जोगेश्वरी, मलाड, दहिसर शामिल हैं। पानी भरने से इससे हर प्रकार का यातायात रुक गया है, जिससे सुबह से ही शहर भर में भारी ट्रैफिक जाम लग गया है।
मुंबई में इतनी ज्यादा बारिश और इसकी वजह से बनी बाढ़ की हालत के लिए मुंबई महानगरपालिका आयुक्त प्रवीण परदेशी ने जलवायु परिवर्तन और भौगोलिक स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है उन्होंने कहा कि इस साल मानसून विलंब से आया जो कि पिछले 45 साल में सबसे धीमा था, ‘जलवायु परिवर्तन हो रहा है कभी भी दो दिनों में एक महीने के बराबर बारिश नहीं हुई थी, जिसका मतलब है कि बारिश ज्यादा हुई, यह एक भौगोलिक परिघटना है।