★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{प्रतिनिधिमण्डल में शामिल सांसदो ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से SG पद से तुषार मेहता को की हटाने की मांग}
♂÷बीजेपी नेता सुभेन्दु अधिकारी के द्वारा कथित तौर पर जनरल सॉलिसिटर से मिलने के मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात कर तुषार मेहता को भारत के सॉलिसिटर जनरल के पद से हटाने की मांग की.
उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के सॉलिसिटर जनरल और पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच कथित मुलाकात गंभीर और अनुचित कृत्य है. तृणमूल कांग्रेस के सांसदों सुखेंदु शेखर राय और महुआ मोइत्रा ने राष्ट्रपति को एक पत्र लिखा था जिसमें बताया गया था कि ‘‘यह बैठक मेहता के आधिकारिक आवास’’ पर हुई.
तृणमूल कांग्रेस की ओर से सांसदों द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है, ‘‘भारत के शीर्ष विधि अधिकारियों में से एक और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच किए जा रहे मामले में विशेष लोक अभियोजक के तौर पर नियुक्त मेहता और भाजपा नेता के बीच इस तरह की मुलाकात से शुचिता पर गंभीर सवाल उठते हैं.’’ सॉलिसिटर जनरल मेहता ने हालांकि अपने आधिकारिक आवास पर अधिकारी से इस तरह की मुलाकात से इनकार किया है. गौरतलब है कि अधिकारी कभी तृणमूल के कद्दावर नेता थे.
मालूम हो कि वह 2016 के नारद टेप मामले में आरोपी हैं और मेहता उच्चतम न्यायालय और कलकत्ता उच्च न्यायालय में इस मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का पक्ष रख रहे हैं. पत्र में कहा गया है कि कई खबरों में इस कथित आमने-सामने की मुलाकात की बात कही गयी है, जिनके वीडियो और तस्वीरों भी सामने आई हैं. पत्र में कहा गया है, ‘‘यह राष्ट्रीय महत्व का बेहद चिंताजनक मामला है और यह भारत के सबसे शीर्ष विधि अधिकारियों में से एक- भारत के सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय में शुचिता से जुड़ा गंभीर मामला है.’’






















