★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{पश्चिम बंगाल के नेता विपक्ष व बीजेपी विधायक अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री को 30 मिनट तक मुख्यमंत्री बनर्जी द्वारा इंतजार करवाना शर्मनाक}
[शुभेन्दु ने बनर्जी पर साधा निशाना कहा कि ममता बनर्जी खुद को पश्चिम बंगाल नही अपितु पूरे देश का मुख्यमंत्री मानती हैं]
(शुक्रवार को हुई बैठक में पीएम मोदी को ममता ने आधे घण्टे इंतजार कराने के बाद आईं और एक रिपोर्ट सौंप कर 20000 करोड़ की मांग कर तुरंत चली गयी थी,जिसकी आलोचना हो रही है)
♂÷चक्रवात ‘यास’ से हुए नुकसान की समीक्षा के लिए पश्चिम बंगाल में हुई बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके प्रशासन द्वारा 30 मिनट तक के लिए इंतजार कराने को भाजपा विधायक व नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को शर्मनाक बताया है।
उन्होंने कहा, ’28 मई को पश्चिम बंगाल में चक्रवात ‘यास’ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद पूर्वी मिदनापुर में एक समीक्षा बैठक थी, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को 30 मिनट का इंतजार करवाया,इससे संवैधानिक अखंडता तार-तार हुई और यह काफी शर्मनाक था।’
नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा, ‘कल की घटना के बाद दबाव में आईं सीएम ममता ने आज कहा कि उन्होंने विपक्ष के नेता की मौजूदगी की वजह से समीक्षा बैठक में हिस्सा नहीं लिया। दरअसल ममता अपने अभिमान को संतुष्ट करने के लिए झूठ का सहारा ले रही हैं क्योंकि वह खुद को न सिर्फ पश्चिम बंगाल का, बल्कि पूरे देश का मुख्यमंत्री मानती हैं।’
गौरतलब है कि बीते विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को शिकस्त देने वाले शुभेंदु अधिकारी को भाजपा ने विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया है।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के कई शीर्ष नेताओं ने भी शुक्रवार को आरोप लगाया था कि चक्रवात ‘यास’ से हुए नुकसान की समीक्षा के लिए पश्चिम बंगाल में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नदारद रहीं और ऐसा करके उन्होंने संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार करने के साथ ही संघीय व्यवस्था की मूल भावना को भी आहत किया।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के चक्रवात ‘यास’ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री से कलाइकुंडा हवाई पट्टी पर मुलाकात की थी और ‘यास’ से हुए नुकसान पर उन्हें एक रिपोर्ट सौंपी थी तथा सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्विकास के लिए 20,000 करोड़ रुपए के पैकेज की मांग की थी। इसके बाद पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक से ममता बनर्जी नदारद थीं।
बैठक में राज्यपाल जगदीप धनखड़, राज्य के भाजपा विधायक एवं विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और रायगंज से सांसद तथा केंद्रीय महिला और बाल विकास राज्य मंत्रीदेबाश्री चौधरी मौजूद थे।






















