★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{कर्मभूमि मुम्बई से जन्मभूमि गोरखपुर पहुँचकर 1 जनवरी को ही धूमधाम से मनाया था अपना जन्मदिन और 2 जनवरी को हुआ उनका आकस्मिक निधन}
[आरएन सिंह के निधन से हुई अपूरणीय क्षति,उनकी कमी खलेगी हमेशा= कृपाशंकर सिंह]
♂÷महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य,हमारा महानगर अखबार के संस्थापक व उत्तर भारतीय संघ अध्यक्ष राम नरेश सिंह(74 वर्ष) की आज उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में जन्मदिन के दूसरे ही दिन हुए आकस्मिक निधन से लोगों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
विदित हो कि इस बार वह अपने गृहजनपद गोरखपुर में 1 जनवरी को अपना जन्मदिन मनाकर 2 जनवरी को दिन में गोरखपुर एयरपोर्ट से फ़्लाइट पकड़ने के लिए अपने निवास से निकले थे कि इसी दरमियान उनका प्राणान्त हो गया।
दिवंगत श्री सिंह उत्तर भारतीय संघ अध्यक्ष के रूप में उन्होंने उत्तर भारतीयों के लिए बांद्रा में उत्तर भारतीय भवन बनवाने से लेकर तमाम सामाजिक कार्य किये हैं, साथ ही वह सदन में भी उनकी आवाज़ उठाते रहे थे।
गोरखपुर ज़िले की तहसील गोला के एक गाँव भरौली निवासी श्री सिंह कभी मुफलिसी के दौर में रोज़ी-रोटी की तलाश में गोरखपुर से मुम्बई आये थे।
शुरुआती दौर में सिक्युरिटी एजेंसी में काम करने से लेकर आज ख़ुद की देश की बड़ी सिक्यूरिटी एजेंसी बॉम्बे इंटेलिजेंस सर्विस(BIS)खड़ी कर हजारों-हज़ार को रोज़ी रोटी देने वाले आर.एन. सिंह ने वर्षों पूर्व हमारा महानगर नामक समाचार पत्र की शुरुआत की थी।
बीते एक जनवरी को उन्होंने अपनी कर्मभूमि मुम्बई की बजाय इस बार जन्मभूमि गोरखपुर में भव्य ढंग से अपना जन्मदिवस मनाया था किंतु जन्मदिन के ठीक अगले ही दिन उनके निधन के समाचार से हर कोई हतप्रभ व शोक संतप्त है।
हमारा महानगर अखबार को अपने गृह जनपद गोरखपुर से भी प्रकाशित करने की उनकी मंशा थी।
एमएलसी आर.एन. सिंह का अंतिम संस्कार गोरखपुर में किया जायेगा।
उनके निधन पर महाराष्ट्र के पूर्व गृहराज्य मन्त्री व महाराष्ट्र भाजपा उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किये गए सामाजिक कार्यो ने उन्हें अमरत्व प्रदान किया है,उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है, उनकी कमी हमेशा खलेगी।
उनके समधी व बीजेपी प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह ने भी उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि हमने अपना रिश्तेदार ही नही बल्कि अपना मार्गदर्शक व अभिभावक खो दिया है।






















