★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
~NCP के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता में कहा रामचरित्रमानस पर आजतक किसी ने नही उठाई उंगली
~राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा पूरे देश मे अपना संदेश देने में रही सफ़ल,काँग्रेस के बिना अधूरा है विपक्ष एनसीपी नेता ने की काँग्रेस की तारीफ़
~मेहंदी ने कहा हम लोग 2024 में एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने में कोई कसर नही छोड़ेंगे
♂÷ राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पूरे देश में अपना संदेश देने में कामयाब रही । हालांकि उत्तर प्रदेश में यात्रा बहुत कम स्थानों पर पहुँची थी इसके बावजूद उनकी यात्रा में जिस तरह से विपक्ष एकजुट होकर उनका समर्थन कर रहा है उससे यह बात साबित हो गई कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बदलाव जरूर होगा ।
यह बात राष्ट्रवादी काँग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी सिराज मेंहदी मंगलवार को जौनपुर में शिया डिग्री कॉलेज में पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान कही । उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा का चुनाव नजदीक है लेकिन लोग विकास के मुद्दे पर बात नहीं कर रहे हैं चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष,उनको यह देखना चाहिए कि देश का विकास रुका हुआ है और केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की ही चर्चा हो रही है जबकि चाइना हमारे देश के अंदर दाखिल होकर जमीन कब्जा कर रहा है । बेरोजगारी चरम सीमा पर है नौकरशाही की मनमानी चल रही है ऐसे में लोग परेशान हैं उसकी तरफ नेताओं का ध्यान नहीं जा रहा है ।
सिराज मेंहदी ने कहा कि पाकिस्तान से हमारी दुश्मनी जग जाहिर है उसे हम कई जंगो में हरा चुके है , ऐसे में इसपर चर्चा कर भाजपा मुद्दे को डाईवर्ट कर रही है । बावजूद इसके बार-बार जब चुनाव आता है तो भाजपा के लोग इसको मुद्दा बनाकर लोगों का ध्यान भटकाने का काम करते हैं ।
उन्होंने कहाकि आज किसान परेशान है लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार के नेतृत्व में विपक्ष को एकजुट किया जा रहा है और कांग्रेस के बिना विपक्ष पूरा अधूरा है ऐसे में कांग्रेस को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता ।
मेंहदी ने कहा कि एक अच्छे लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष होना जरूरी है यही लोहिया जी ने भी कहा था ऐसे में जरूरत है कि हम लोग भाजपा को रोकने के लिए उनके जो वादे हैं जो वह पूरा नहीं कर सके जनता के बीच में जाएं और उस पर चर्चा करें । उन्होंने कहा कि कुछ राज्य के मुख्यमंत्री कांग्रेस को इग्नोर करने की बात कर रहे हैं उन्हें देश हित में यह बात समझनी चाहिए कि कांग्रेस देश की एक सबसे बड़ी पार्टी है और उसके बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते।
एनसीपी नेता ने राम चरित्र मानस पर सवाल उठाने वाले सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्या पर कहा कि उन्हें असल मुद्दे बेरोजगारी,शिक्षा, मदरसों की जांच का मुद्दा उठाना चाहिए पर ऐसे मामले को उठाकर वह भाजपा को बैठे-बिठाए उसका एजेंडा दे देते हैं । ऐसे बयानों से उनको बचने की जरूरत है क्योंकि राम चरित्र मानस पर किसी ने आज तक उंगली नहीं उठाई । जबकि देश ने बड़े से बड़े विद्वान पैदा किए हैं।
सिराज मेंहदी ने कहा कि हम लोग एकजुट होकर 2024 में चुनाव लड़ेंगे और केंद्र की मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे । इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद असलम मौजूद रहे ।




