★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
बीबीसी ने कहा रेड में कर रहे सहयोग और अपने कर्मचारियों को कहा कि वे आज ऑफिस ना आएं और घर से ही काम करें
इन्कम टैक्स डिपार्टमेंट ने रेड पर कहा कि BBC को पहले कई बार दी गयी थी नोटिस लेकिन जवाब न दिए जाने पर ही की गई है सर्वे की कार्रवाई
रेड पर काँग्रेस, तृणमूल काँग्रेस, पीडीपी,सपा कम्युनिस्ट पार्टी आदि विपक्षी दलों नें सरकार पर जमकर बोला हमला
BJP नें दागा सवाल कि काँग्रेस हर उस व्यक्ति और संस्था के साथ खड़ी नज़र आती है जो भारत के ख़िलाफ़ होता है
♂÷ब्रिट्रेन की समाचार संस्था बीबीसी के खिलाफ भारत में इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई शुरू हुई है और ख़बर लिखे जाने तक छापेमारी की कार्रवाई जारी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही देश की आर्थिक राजधानी के रूप में जगप्रसिद्ध मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों पर इनकम टैक्स ने छापेमारी शुरू कर सर्वे किया जा रहा है।
इन्कम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड पर BBC ने कहा कि वह छापेमारी में सहयोग कर रहा है और अपने कर्मचारियों को मैसेज कर दिया है कि वह अपने घर से ही काम करे।
उधर इस छापेमारी की ख़बर आम होते ही काँग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल सत्ताधारी बीजेपी की केंद्र सरकार पर जमकर हमलावर हो उठी है तो वहीं बीजेपी ने विपक्ष को निशाने पर लिया कि भारत के खिलाफ रहने वाले हर व्यक्ति व संस्था के साथ कांग्रेस समेत विपक्ष खड़ा रहता है।
मालूम हो कि पिछले दिनों बीबीसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात दंगों पर एक विवादास्पद डाक्यूमेंट्री जारी की थी, जिसको लेकर देश में विवाद की स्थिति बनी थी। इस पर ख़ूब जमकर पक्ष-विपक्ष में सियासी तलवारें भी निकली हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को सूचना मिली की आयकर विभाग की टीम दिल्ली के 12 खंभा स्थित बीबीसी के दफ्तर पर पहुंची है। 10 से 12 अधिकारियों ने छापा मारा है और कार्रवाई जारी है। कहा जा रहा है कि कुछ इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज हाथ लगे हैं।
इनकम टैक्स विभाग ने पुष्टि करते हुए बताया कि बीबीसी को पहले कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। इसके बाद ही सर्वे की कार्रवाई की गई है।
बीबीसी ने पुष्टि कर दी है कि उनके दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों पर आयकर टीम पहुंची है। अधिकारियों की संख्या 40 से 50 बताई गई है। इसके साथ ही बीबीसी ने अपने कर्मचारियों को मैसेज किया है कि वे आज ऑफिस ना आएं और घर से ही काम करें। कंपनी का कहना है कि इस कार्रवाई से न्यूज रूम प्रभावित नहीं हुआ है।

BBC ने कहा कि वह इन्कम टैक्स विभाग की छापेमारी की कार्रवाई में सहयोग कर रही है।
बीबीसी पर छापेमारी पर कांग्रेस के मीडिया चेयरपर्सन व राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार बीबीसी के पीछे पड़ गई है।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि बीबीसी को सच कहने की कीमत चुकानी पड़ रही है।
उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे वैचारिक आपातकाल कहा।
शिवसेना के राज्यसभा सदस्य व प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि भारत अपनी लोकतांत्रिक छवि खो रहा है।
कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि डाक्यूमेंट्री के चलते पड़ी है BBC पर रेड।
तृणमूल काँग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने केन्द्र सरकार पर कसा तन्ज IT की रेड,बहुत ख़ूब।
वहीं भाजपा ने छापेमारी पर विपक्ष के द्वारा दिए जा रहे बयान पर कहा कि वह भारत के विरोध में रहने वाली हर शख्स व शक्तियों के साथ रहती है।
भाजपा ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर बीबीसी के खिलाफ हो रही इन्कम टैक्स विभाग की कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बताया कि किस तरह बीबीसी की रिपोर्टिंग भारत के खिलाफ रही है और किस तरह कांग्रेस हर उस व्यक्ति और संस्था के साथ खड़ी नजर आती है, जो भारत के खिलाफ होता है।
कुल मिलाकर BBC पर इन्कम टैक्स के द्वारा की गई छापेमारी की कार्रवाई से आने वाले कई दिनों तक देश की राजनीति में सियासी दलों की ज़ुबान जंगी तलवारों की तरह चलती रहेगी।




