TehelkaNews

आज मां के साथ समय बिताएं। उन्हें धन्यवाद दें, हर उस काम के लिए जो आपके जन्म के पहले दिन से ही मां ने आपके लिए किया है। -ऐना जार्विस ने इस संदेश के साथ 1908 में पहली बार मदर्स डे मनाया था।
मां को समय दीजिए, यही उनके लिए सबसे बड़ा सुकून
- मां के लिए सारे सुख उसके परिवार से ही जुड़े हैं। आज पूरे परिवार को बुलाकर मां के साथ एक अच्छा और लम्बा वक्त बिताइए। क्योंकि परिवार के साथ गुज़ारे ये पल मां को बहुत सुकून देंगे।
- मां के साथ अपने पुराने फोटो एलबम देखिए और यादों को ताजा कीजिए। क्योंकि मां का मां होना, आपके बचपन में समाया है, उन तस्वीरों को देखकर वह अभिभूत होंगी।
- कुछ समय सिर्फ आप और आपकी मां चाहें तो साथ मंदिर या शाॅपिंग जाएं। या कुछ ऐसा करें जो मां को पसंद हो। क्योंकि और दिनों में मां का पूरा समय आपका होता है, आज आपका समय मां के लिए हो।

मां का सम्मान कीजिए, यही उनके लिए सबसे बड़ा सुख
- आज मां के साथ कुछ तस्वीरें खिंचवाएं और उसकी फोटो स्टोरी बनाकर परिवार वालों और मित्रों से साझा करें। क्योंकि इससे मां को आत्मिक सुख मिलेगा। मां की छवि का यूं परिजनों में जाना उन्हें सम्मानित महसूस कराएगा।
- मां के बचपन के किसी शौक को फिर जिंदा कीजिए। कुछ ऐसा उपहार दीजिए जो उन्हें उस शौक की ओर दोबारा ले जाए। क्योंकि बच्चों के शौक के आगे मां अपने हर शौक को कुर्बान करती जाती है। आज उन्हें पुरानी डगर पर ले जाकर संतान होने का फर्ज निभाइए।
- आज अपनी मां की शाम यादगार बनाइए और मां को स्पेशल महसूस कराइए। क्योंकि मां खुद को खास मानना अक्सर भूल जाती है।
मां का सहयोग करिए, यही उनके लिए सबसे बड़ा संबल
- कामकाजी मां के लिए टेक्नॉलोजी जानना जरूरी है। आज उनको ऐसी किसी तकनीक के गुर समझाएं जो उनके लिए मददगार हों। क्योंकि इससे मां और सक्षम होंगी और आगे बढ़ने का उन्हें नया ज़रिया मिलेगा।
- मां घर के जिस काम को लंबे समय से करना चाह रही हों उसे आप आज कर दें फिर वो चाहे घर की साफ-सफाई हो या फिर बाजार की खरीदारी हो। क्योंकि ये उन्हें आराम देगा, आराम ही तो उनके लिए सबसे दुर्लभ है।
- आज मां के स्वास्थ्य के प्रति सजगता दिखाएं। उन्हें हेल्थ चेकअप की योजना बनाकर दें। क्योंकि मां तो अपनी सेहत के बारे में नहीं सोचतीं। आपको ही करना होगा।