★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
[सीएम ठाकरे ने तटीय इलाकों में पर्यटन में सुधार हेतु की थी मंत्रालय में बैठक,शामिल था भांजा वरुण सरदेसाई जिसपर उच्चअधिकारी हुए नाराज,बताया पद व गोपनीयता का उल्लंघन]
{एनसीपी काँग्रेस ने भी अंदर खाने जताई नाराज़गी तो अफसरों ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि या सरकार का हिस्सा नही वह अधिकारिक बैठक में कैसे ले सकता है हिस्सा}

♂÷मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की बहन के बेटे (यानी भांजे) के आइएएस अफसरों और मंत्रालय के अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में शामिल होने पर विवाद हो गया है। मंत्रालय में सीएम की अध्यक्षता में होने वाली अधिकारियों की बैठक में भांजे वरुण सरदेसाई के आने और संचालित करने पर नौकरशाहों ने इसे तय प्राविधानों के विरुद्ध बताया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गठबंधन के साझीदार (कांग्रेस-राकांपा) ने भी अंदरखाने में इस पर खिन्नता ही जताई है, लेकिन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रालय की बैठक में शिरकत पर सरदेसाई ने कहा कि वह सीएम की ओर से बैठक में शामिल हुए थे।
विगत सोमवार को मुंबई और उसके आसपास के तटीय इलाकों में पर्यटन में सुधार पर विचार-विमर्श के लिए मुख्यमंत्री ठाकरे ने राज्य के अफसरों की एक बैठक बुलाई थी लेकिन बैठक में मौजूद कुछ अफसरों ने एक बात पर गौर किया और बाद में चर्चा की। आखिर वरुण सरदेसाई का आधिकारिक बैठक में क्या काम?
इस मामले को लेकर मंत्रालय के एक अधिकारी ने अपना नाम छिपाने की शर्त पर बताया कि कोई व्यक्ति जो जनप्रतिनिधि या सरकार का हिस्सा नहीं है, वह आधिकारिक बैठक में कैसे हिस्सा ले सकता है। जबकि ठाकरे परिवार का यह सदस्य पर्यटन मामले का विशेषज्ञ भी नहीं है इसलिए उनके इस मीटिंग का हिस्सा होने की कोई वजह नहीं थी।उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह उस पद और गोपनीयता की शपथ का उल्लंघन है जो मुख्यमंत्री पद संभालते हुए ली गई थी।
वरुण सरदेसाई शिवसेना की युवसेना विंग का सचिव भी है जिसके प्रमुख आदित्य ठाकरे है।






















