★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
कर्नाटक में काँग्रेस की जीत के अलग कारण है वहाँ के मुद्दे अलग है, महाराष्ट्र में बीजेपी सभी जगह नम्बर एक की पार्टी है कहा प्रदेश अध्यक्ष नें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले नें कहा कि मोदी जी के 2024 के संकल्प को पूरा करने के लिए निकाली जायेगी युवा संवाद यात्रा
♂÷ लोकसभा चुनाव के साथ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने की कोई संभावना नही है, इस तरह की निरर्थक चर्चा हो रहे हैं, सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
उक्त बातें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य चन्द्रशेखर बावनकुले नें आज सोमवार को नागपुर में मीडिया से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में हार के बाद महाराष्ट्र में बीजेपी को आत्मचिंतन करने की कोई जरूरत नहीं है, भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में सभी चुनावों में नंबर एक की पार्टी है।
बीजेपी नेता ने कहा महाराष्ट्र में बीजेपी शिवसेना की सरकार है, सरकार और संस्थाओं के साथ मिलकर हम 51 फीसदी की तैयारी कर रहे हैं,कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के कारण अलग हैं। वहां की राजनीति और मुद्दे अलग हैं, इसलिए कर्नाटक चुनाव परिणाम का महाराष्ट्र से कोई लेना-देना नहीं है। एक चुनाव में लाभ का मतलब दूसरे चुनाव में लाभ होना जरूरी नहीं है।
बावनकुले नें जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रेष्ठ भारत और नए भारत का संकल्प लिया है। मोदीजी के इस संकल्प को वर्ष 2024 में पूरा करने के लिए 25 लाख युवा चुनाव में सहयोग करेंगे, इसके लिए युवा संवाद यात्रा निकाली जाएगी। प्रत्येक बूथ पर 25 युवा चुनावी योद्धा तैयार करने की योजना है। इसके साथ ही हम महाराष्ट्र में ‘नमो चषक’ खेल प्रतियोगिता के माध्यम से एथलीटों को प्रोत्साहित कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम को युवा संवाद यात्रा के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा।




