लेखक~संजय राय
आज 21 मई को उनके शहादत दिवस पर उनको श्रधांजलि न देने से सदन की अमूल्य परम्परा का टूटना राजनीतिक पतन की है पराकाष्ठा
♂÷21 मई, 1991
देश की राजनीति का अशुभ दिन। अगले दिन एम. एससी. की परीक्षा थी। मैं मुंबई के बांद्रा में था। परीक्षा की तैयारी में व्यस्त था। रात लगभग 10.30 बजे सूचना मिली कि प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या हो गई। कुछ समय बाद ही सड़क पर पुलिस की गाड़ियां दौड़ने लगीं। अगले दिन की परीक्षा स्थगित हो गई। इस हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। कांग्रेस के कट्टर विरोधियों को भी मैने रोते हुए देखा था।
इसके ठीक आठ दिन पहले ही राजीव गांधी ने बांद्रा में एक नुक्कड़ सभा की थी। उस सभा में बतौर श्रोता मैं भी अपनी चाची जी के साथ गया था। पहली बार उनको करीब से देखा। मंच पर मुरली देवड़ा भी थे। कोई सुरक्षा व्यस्था नहीं थी। लोग उनको छूने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मंच पर चढ़ रहे थे। कुछ लोग उनका कुर्ता पकड़कर मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। मुरली देवड़ा ने लोगों को डांट फटकार कर मंच से नीचे उतारा। इसके बाद राजीव गांधी ने अपना संक्षिप्त भाषण दिया और लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।
राजीव जी सभा में कुछ देर से पहुंचे थे। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि आपने मुझे वोट देकर पांच साल सेवा करने के लिए भेजा था। आप सोच रहे होंगे कि आज मैं देर से आया। लेकिन ऐसा नहीं है। मुझे तो आपके पास पांच साल बाद आना था। विरोधियों ने ढाई साल पहले ही भेज दिया। उनकी बात सुनकर सब हंसने लगे।
राजीव जी की एक आदत थी। जब कोई मंच पर उनको माला पहनाता था तो वह उसे निकालकर जनता के बीच फेंक देते थे। लोग यादगार के रूप में उसे अपने पास रख लेते थे। संयोग से उनका फेंका हुआ एक गुलाब का फूल मेरी तरफ आया था, जिसे मैंने लपक लिया और कई साल तक किताब के बीच दबाकर रखा था। मुझे अच्छी तरह याद है, राजीव गांधी के साथ भीड़ की धक्कामुक्की को देखकर मैंने चाची जी से कहा था कि अगर ये ऐसे ही प्रचार किए तो किसी दिन कोई इनको मार देगा। मैने सपने में भी नहीं सोचा था कि महज नौ दिन बाद ही राजीव गांधी की हत्या हो जायेगी।
बहरहाल, अब करते हैं आज की बात। देश की संसद में पूर्व प्रधानमंत्रियों के जन्मदिन और पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने की एक परंपरा है। आज यह परंपरा टूट गई। संसद में आज राजीव गांधी को श्रद्धांजलि नहीं दी गई। जानकर दिल को बहुत दुख हुआ। यह लोकतांत्रिक राजनीति के पतन की पराकाष्ठा है। इसके लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। देश को दिशा देने वाले राजनेता अब विरोध को व्यक्तिगत दुश्मनी की तरह निभाने लगे हैं। यह दुखद स्थिति है।
÷ लेखक आज समाचार पत्र के नेशनल ब्यूरो इन चीफ़ के रूप में दिल्ली में कार्यरत हैं÷