(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
आनन्द व्यास के निधन से पत्रकारिता जगत की हुई अपूर्णीय क्षति: अफज़ल इमाम
उनके विचार कर्म और व्यवहार सदा रहेंगे हमारे बीच: संजय राय
प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया में जन्मभूमि समाचार पत्र के नेशनल ब्यूरो रहे आनंद कुंदन व्यास की स्मृति में हुआ शोकसभा का आयोजन
लोकसभा के वरिष्ठ अधिकारी एमके शर्मा ने कहा कि आनंद व्यास के असामयिक निधन से हमने एक उच्च कोटि का पत्रकार खो दिया।
जन्मभूमि समाचार पत्र समूह के दिवंगत नेशनल ब्यूरो आनंद कुंदन व्यास की स्मृति में बुधवार को प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके शुभचिंतकों और पत्रकारों ने आनंद कुंदन व्यास को अश्रुपूरित भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विदित हो कि आनंद कुंदन व्यास का आकस्मिक निधन शुक्रवार और शनिवार की रात दिनांक 24 जनवरी को ब्रेन स्ट्रोक और ह्रदय गति रुक जाने की वजह से हो गया था।

प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल अफजल इमाम ने शोकसभा का संचालन किया। उन्होंने कहा कि आनंद व्यास के निधन से पत्रकार बिरादरी की बहुत बड़ी क्षति हुई है और इसकी भरपाई नहीं हो सकती। अफजल इमाम ने कहा कि आनंद कुंदन व्यास एक अच्छे पत्रकार के अलावा एक अच्छे इंसान थे। गुजरात की राजनीति पर उनकी अच्छी पकड़ थी।
आज हिंदी दैनिक के नेशनल ब्यूरो प्रमुख संजय राय ने कहा कि आनंद कुंदन व्यास आज भले ही हमारे बीच नहीं हों, लेकिन उनके विचार, कर्म और व्यवहार हमारे बीच सदा रहेंगे और हम सबको एक अच्छा इंसान बनकर अच्छी पत्रकारिता के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
वरिष्ठ पत्रकार विजय नाईक और महेन्द्र वेद ने आनंद व्यास के पिता व वरिष्ठ पत्रकार पद्मभूषण कुंदन व्यास के साथ अपने पारिवारिक एवं पत्रकारिता पेशे से जुड़े अनुभवों को साझा किया। पत्रकार सेबास्टियन ने आनंद व्यास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति हमेशा खलेगी। आनंद व्यास एक हंसमुख और मिलनसार इंसान थे। उनका असमय निधन पूरी पत्रकार बिरादरी को व्यथित कर गया। लोकसभा के वरिष्ठ अधिकारी एमके शर्मा ने कहा कि आनंद व्यास के सामयिक निधन से हमने एक उच्च कोटि का पत्रकार खो दिया।
कच्छ के सांसद विनोद भाई चावड़ा ने आनंद कुंदन व्यास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कभी वह “कच्छ मित्र” अख़बार में दिल्ली से भेजी गई उनकी ख़बरों को पढ़ते थे। दिल्ली आए तो जब उनसे मुलाक़ात हुई तो लगा कि वह एक अच्छे पत्रकार के साथ साथ एक अच्छे इंसान थे। उन्होंने कहा कि आनंद के आसामयिक निधन से हम सभी स्तब्ध हैं।
इस अवसर पर दिव्य भारत के वरिष्ठ पत्रकार रमाकांत पाण्डेय, दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रमुख आशुतोष झा, दैनिक भास्कर के पत्रकार अजीत पाठक, वरिष्ठ पत्रकार रंजीत झा, लोकसत्य के राजनीतिक संपादक विंध्यवासिनी त्रिपाठी, विनायक दास, ओपी पाल, राजीव शर्मा, श्रीनाथ समेत पत्रकार जगत से जुड़ी कई जानी मानी हस्तियाँ मौजूद रहीं। इनके अलावा आनंद कुंदन व्यास के छोटे भाई राहुल कुंदन व्यास और आनंद व्यास की दो बेटियां रेशम आनंद व्यास और ऊष्मा आनंद व्यास भी उपस्थित रहे।




