(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
वर्ल्ड वुमेन फाउंडेशन की सीईओ रूपा दास ने मुंबईके तीन स्कूलों में किया कार्यशाला का आयोजन
अमेरिका स्थित लेखिका, मीडिया उद्यमी और वर्ल्ड वुमन फाउंडेशन (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) की सीईओ रूपा दाश ने मुंबई के तीन स्कूलों में बालिकाओं की वित्तीय स्वतंत्रता और आर्थिक स्वावलंबन को लेकर कार्यशालाओं का आयोजन किया। ‘कीप इट। ग्रो इट।’ अभियान के तहत आयोजित इन संवादात्मक सत्रों में करीब 600 छात्राओं ने भाग लिया।

कक्षा नौवीं और दसवीं की छात्राओं को बचत, निवेश और वित्तीय योजना की बुनियादी जानकारी दी गई। कार्यशालाओं में छात्रवृत्ति, जेबखर्च, पुरस्कार और उपहार के रूप में मिलने वाली छोटी रकम को बचाने तथा नियमित निवेश के महत्व को समझाया गया। चक्रवृद्धि की शक्ति के माध्यम से बताया गया कि छोटी-छोटी बचत भी लंबे समय में बड़ी वित्तीय पूंजी में बदल सकती है।
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की युवा शाखा की वैश्विक प्रमुख तथा ‘कीप इट ग्रो इट’ पहल की संस्थापक आयति दाश कर ने छात्राओं को वित्तीय अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र से बचत और निवेश की आदत महिलाओं को भविष्य में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने प्रति सप्ताह 20 से 50 रुपये की बचत को भी वित्तीय अनुशासन की मजबूत शुरुआत बताया।

कार्यशालाएं गुरु नानक स्कूल, जीटीबी नगर; मुंबई उत्कल इंग्लिश हाई स्कूल, कुर्ला वेस्ट और मुंबई पब्लिक स्कूल, अभ्युदय नगर में आयोजित हुईं। कार्यक्रम को छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। यह पहल भारत की स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश की बालिकाओं के बीच वित्तीय स्वतंत्रता और स्वामित्व की भावना विकसित करने के व्यापक अभियान का हिस्सा है।




