(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)
पिछले वर्ष इन्हीं दिनों में भी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की चर्चाएं खूब चली थीं। चर्चाओं के प्रभाव में उस समय मैंने एक पोस्ट में उद्घाटन तिथि 17 अप्रैल होने की संभावना व्यक्त की थी। इस काल्पनिक संभावना के पीछे नोएडा प्राधिकरण की स्थापना तिथि 17 अप्रैल होना था और चूंकि यह हवाई अड्डा यमुना प्राधिकरण के जेवर क्षेत्र में बनने के बावजूद नोएडा के नाम से पुकारा जाने वाला है, इसलिए मेरी काल्पनिक संभावना कोरी भी नहीं थी। हालांकि उस समय की चर्चाओं ने दिन बीतने के साथ दम तोड़ दिया और फिर एक वर्ष और लग गया। यह इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन होगा।इसकी उपयोगिता हवाई यात्रा करने वाले लोगों के लिए तो होगी ही, उससे अधिक यहां सैकड़ों किलोमीटर के दायरे में स्थापित हो रही औद्योगिक इकाइयों को कच्चा माल मंगाने और तैयार माल भेजने के लिए विशेष होगी। हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह समेत सभी बड़े अधिकारी, जिलाधिकारी मेधा रूपम और जिला प्रशासन के अधिकारी, कमिश्नरेट पुलिस के साथ साथ स्थानीय विधायक तथा भाजपा संगठन के लोग भी पूरी शक्ति से जुटे हुए हैं। बीते कल स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर सभी अधिकारियों के साथ तैयारियों की पड़ताल की। आज भी यमुना प्राधिकरण और जिला प्रशासन के लोग तैयारियों में जुटे रहे। यमुना प्राधिकरण उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान समूचे क्षेत्र में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के चित्र के साथ प्राधिकरण की विकास यात्रा को दर्शाने वाले पोस्टर, होर्डिंग लगाने जा रहा है। दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर द्वारा उद्घाटन के साथ होने वाली जनसभा में अधिक से अधिक लोगों को ले जाने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं की जा रही हैं।दावा किया जा रहा है कि इस अवसर पर लगभग डेढ़ लाख लोग उद्घाटन कार्यक्रम का हिस्सा बनने तथा शीर्ष नेताओं को सुनने के लिए डेढ़ लाख लोग पहुंच सकते हैं। इस दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस भी तैयारियों में जुटी है।



