(मुकेश शर्मा)
(ग्वालियर)
औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में सूर्या रोशनी परिसर पूरी तरह माता रानी की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इकाई द्वारा आयोजित धार्मिक समागम में माता रानी की मनमोहक झांकी और सुंदरकांड के पाठ ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड के पाठ के साथ हुआ। इसके साथ ही परिसर में माता रानी की सुंदर झांकी सजाई गई, जो आकर्षण का केंद्र रही। भजन संध्या में माता की भेटो और भजनों की अविरल धारा बही जिससे वहां मौजूद भक्त और कर्मचारी,श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम-झूम कर नाचते नजर आए। पूरे परिसर में माता रानी के जयकारे गूँजते रहे।
प्रसादी और भंडारे के साथ समापन
देर शाम तक चले इस उत्सव के बाद भंडारे का आयोजन भी किया गया, जहाँ सभी भक्तों ने माता रानी के भंडारे की प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के दौरान फैक्ट्री प्रबंधन और भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा और आपसी प्रेम बढ़ता है।




