जौनपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा संकल्प अभियान के तहत मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से आयोजित हुआ शिविर
जिला जौनपुर सराफा एसोसिएशन की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत घनश्याम दास बगीचा, उमर खाँ (उर्दू बाजार) में एक दिवसीय भव्य एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री गिरीश चन्द्र यादव रहे। उन्होंने सराफा एसोसिएशन के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे शिविरों से आमजन को समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिलता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नगर उत्तरी मंडल अध्यक्ष श्रीमती सारिका सचिन सोनी तथा चेयरमैन प्रतिनिधि श्री रामसूरत मौर्या की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण किया और आयोजन के लिए संस्था के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई दी।
शिविर के संयोजक जिला जौनपुर सराफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमर जौहरी रहे। इस अवसर पर महामंत्री अश्वनी बैंकर, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा (औजार वाले), उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष राधे रमण जायसवाल, चन्द्र प्रताप सोनी, अजीत सोनी, सचिन कुमार सोनी, महेन्द्र सेठ, अनुराग सोनी, संदीप सेठ, विनोद सोनी सहित सराफा एसोसिएशन के समस्त सम्मानित पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर को सफल बनाने में संस्था के सभी पदाधिकारियों, मेदांता हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला जौनपुर सराफा एसोसिएशन ने स्वास्थ्य शिविर में पधारे सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगियों और लाभार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।




