(भरत भूषण प्रसाद)(राँची)
बुजुर्गों के बीच पत्रकारों ने बिताया समय, झालसा की मेंबर सेक्रेटरी ने दी कानूनी अधिकारों की जानकारी
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) का 76वां स्थापना दिवस बुधवार को रांची स्थित वृद्धाश्रम में सेवा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच कंबल वितरित किए गए और उन्हें भोजन कराया गया। पत्रकारों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनके बीच खुशियां बांटीं।कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं ने गीत गाकर महिला पत्रकारों का स्वागत किया। इस आत्मीय पहल से कार्यक्रम का माहौल भावुक और खुशनुमा हो गया। पत्रकारों ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके अनुभवों को सुना और उनके साथ खुशियों के पल साझा किए।कार्यक्रम का नेतृत्व IFWJ के अध्यक्ष भरत भूषण प्रसाद ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में झालसा की मेंबर सेक्रेटरी कुमारी रंजना अस्थाना उपस्थित रहीं। उन्होंने पत्रकारों का उत्साहवर्धन किया तथा बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।कार्यक्रम में रांची के कई वरिष्ठ पत्रकारों के अलावा कोडरमा, धनबाद, पाकुड़ समेत झारखंड के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों ने भाग लिया।IFWJ के 76वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पत्रकारिता के सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदनाओं को रेखांकित किया। पत्रकारों ने सेवा, सहयोग और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बुजुर्गों के बीच स्थापना दिवस मनाया।








