झेलना ही उपलब्धि मानी जायेगी दर्शकों के लिए फिल्म कल्कि 2898 एडी

झेलना ही उपलब्धि मानी जायेगी दर्शकों के लिए फिल्म कल्कि 2898 एडी

(मुकेश सेठ)
(मुंबई)

कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, सिनेमैटोग्राफी, विजुअल और साउंड इफेक्ट्स का कुनबा जोड़ा

600 करोड़ बजट वाली फिल्म की कहानी दर्शकों के दिमाग का दही करती है तो थ्रीडी में VFX विजुअल देखना करता है रोमांचित

95 करोड़ की बॉक्स ऑफिस ओपनिंग कर शाहरुख खान की जवान को पछाड़ने वाली कल्कि की बुकिंग अगले दिन ही बैठी

दिमाग का दही करवाने के साथ ही VFX तकनीकी से बनाए गए शानदार विजुअल देखकर अगर रोमांचित होना है तो कल्कि 2898 AD फिल्म का निःसंदेह आपके लिए ही बनाई गई है। लब्बोलुआब यह है कि असली हीरो उसके शानदार वीएफएक्स हैं। अगर तकनीक का कमाल नहीं होता तो अमिताभ बच्चन, प्रभास, कमल हासन, दीपिका पादुकोण, दिशा पाटनी, ब्रह्मानंद आदि को देखकर भी दर्शक माथा कूटते।

VFX के कारण ही अमिताभ बच्चन को फिल्म में आठ फुट का लम्बू दिखाया जा सका और 82 साल के कलाकार से फाइट के सीन दिखलाये जा सके है।
स्टार्स की लाइन, हॉलीवुड जैसे सेट्स, प्रभावशाली पार्श्व संगीत आदि आपको तभी पसंद आएंगे अगर आप इसे थ्री डी और डॉल्बी एटमॉस साउंड वाले थियेटर में देखेंगे वर्ना सिंगल स्क्रीन वाले साधारण पर्दे पर फिल्म को दर्शक 180 मिनट क्या शायद 18 मिनट भी झेल पाने का गुर्दे का दम न दिखा पाएं।
यह फिल्म बड़े स्टार्स को लेकर माल कूटने और वीएफएक्स का कमाल दिखाने के लिए बनी है,टिकट के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं।
सवाल वही है कि कहानी क्या है? होती तो भी मैं यहाँ नहीं बताता, पर यह 2898 यानी आज से 874 साल बाद की कहानी है। 874 साल के बाद की ही क्यों? प्रोड्यूसर,डायरेक्टर जाने, उसकी मर्जी! बताया गया कि यह एक डिस्टोपियन साइंस फिक्शन एक्शन कॉमेडी मूवी है।
इसमें बॉलीवुड-हॉलीवुड की कई फिल्मों का आभास होता है। यह फिल्म अवतार, ट्रांसफार्मर्स, अवेंजर्स, मैड मैक्स, पद्मावत, बाहुबली आदि को घोंट घोंट कर बनाई शिकंजी लगती है। इसमें बुजुर्ग अमिताभ एक्शन में हैं और हट्टा गबरू प्रभास एक्शन कम और कॉमेडी ज्यादा करता है। ‘भविष्य की पौराणिक’ कहानी है, पौराणिक पात्र हैं और निर्देशक नाग अश्विन की अलोकैप्टिक दुनिया है। आठ सौ साल बाद शायद गंगा में एक बूँद पानी न बचे, बिना ऑक्सीजन मास्क के रहना मुश्किल हो।
दो दुनिया हैं एक ताकतवर अमीरों की तो दूसरी कमजोर गरीबों की। अमीरों की लाइफ ख्वाब जैसी है विज्ञान का हर आविष्कार उनकी सेवा में प्रस्तुत है। बेहतरीन गाड़ियां, उड़ती हुई बाइक्स, उड़नेवाले हवाई रथ, महल, झरने, बाग-बगीचे, और यहाँ तक कि काशी में भी समुन्दर, साथ ही रूस के जैसे लेसर हथियार और इजराइल जैसे ड्रोन, अमेरिका जैसी साइंटिफिक लैब।
डायरेक्टर ने इसमें महाभारत, श्रीकृष्ण, अर्जुन, भीष्म और द्रोण पुत्र अश्वत्थामा के पात्र डाल दिए। महाभारत के ये सारे पात्र अब नहीं है। ऐसे में श्राप भोग रहे अश्वत्थामा कहानी को सन 2898 ईस्वी तक ले जाते हैं। 600 करोड़ की फिल्म में 20 करोड़ लेनेवाले अमिताभ अश्वत्थामा के रूप में स्क्रीन पर छा जाते हैं और 150 करोड़ लेनेवाले प्रभास कॉमेडी में ही टाइम पास करते हैं।
आखिरी का आधा घंटा छोड़ दें तो प्रभास के पास बजाने को कुछ था नहीं। दीपिका पादुकोण असली प्रोफेशनल निकलीं। गर्भवती सुमति की भूमिका में उन्होंने अपना असली बेबी बम्प दिखाया। इसलिए हीरो को एंटरटेन करने का काम दिशा पाटनी जिम्मे आया। हमेशा जिम जानेवालीं दिशा पाटनी ने स्वीमिंग कास्ट्यूम पहनकर दायित्व निभाया। दर्शकों को थोड़ी देर वीएफएक्स के झमेले से राहत मिलती है।
कमल हासन कुछ समय के लिए ही परदे पर रहे, इसका सीक्वल आएगा, उसमें वे गबरू जवान होंगे, ऐसा अंत में दिखाया है। फिल्म मूल रूप से तेलुगु में बनी में हैं, हिन्दी के लिए अलग शूट किया गया है। तमिल, मलयालम और अंग्रेजी में भी रिलीज हुई है!
अगर आपकी हॉलीवुड की हाई फाई साइंस फिल्मों में रूचि हो तो ही जाएँ थ्री डी में देखें बाकी आप जानें और आपका दिमाग का कितना दही जमता है आप जाने।
इसी तरह पूर्व में भी कई ऐसी बिग बजट वाली फिल्मे रिलीज होकर भद्द पिटवा चुकी है क्योंकी निर्माता,निर्देशक ने नामी कलाकारों को लिया किंतु कहानी पर ठोस काम न कर VFX और नामी गिरामी सितारों के मोहपाश से दर्शकों को सिनेमा हॉल में खींचने में असफल साबित हो चुके हैं।
फिल्म निर्माता निर्देशक को यह समझना होगा कि दर्शक आपके द्वारा बुने हुए उलजुलुल कल्पनालोक की सैर करने के लिए गाढ़ी कमाई और वक्त बर्बाद करने के लिए अब कम ही घर से निकलते हैं।
फिल्म जगत के बड़े खिलाड़ियों को अब यह स्वीकार कर ही लेना चाहिए कि OTT प्लेटफार्म पर अब कसी कहानी, कलाकारों के बेहतरीन अभिनय ने दर्शकों को सिरदर्द पैदा करने वाली बड़े सितारों की भारी भरकम बजट से बनी फिल्में भी ठुकराने का अवसर दे दिया है।

Mukesh Seth

Chief Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *