(विक्रम सिंह करणोंत)
(सिरोही)
वीर शिरोमणी दुर्गादास राठौड की जयंती पर IFWJ का जिला स्तरीय स्नेह मिलन समारोह
पत्रकारों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने पर जोर
वीर शिरोमणी दुर्गादास राठौड़ की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में पत्रकार संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की ओर से सिरोही जिले का जिला स्तरीय स्नेह मिलन समारोह सरूपगंज के धनारी हाईवे स्थित निजी होटल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर से पत्रकार साथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक समाराम गरासिया, संगठन प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत, सिरोही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान, प्रदेश सचिव एवं उदयपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करनोत , प्रदेश कोषाध्यक्ष नकुल शर्मा, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष अशोक कुमावत के आतिथ्य में हुआ.
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती,वीर शिरोमणी दुर्गादास राठौड़ के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने वीरवर दुर्गादास राठौड़ के जीवन से जुड़े विभिन्न अनछूए पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को दुर्गादास राठौड़ के तीन दशकों के संघर्ष को ध्यान में रखते हुए संगठन की मजबूती, पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकार एकजुटता को सदृढ़ करना चाहिए । उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज में संगठित एवं निर्भीक पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। पत्रकार साथियों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करना होगा, ताकि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन मजबूती से उसकी आवाज बन सके।

प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत ने पत्रकारिता की शुरुआत के दौर से लेकर वर्तमान समय तक पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है और तकनीक एवं सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए तथा तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को पत्रकारिता का आधार बनाकर आगे बढ़ना चाहिए.
स्थानीय विधायक समाराम गरासिया ने पत्रकारों की सक्रियता और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार सरकार, प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कभी सरकार या जनप्रतिनिधियों से कोई भूल हो जाती है अथवा जनता की कोई समस्या हमारे संज्ञान में नहीं आ पाती, तो पत्रकार अपनी खबरों के माध्यम से उन समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन के सामने लाते हैं।
उन्होंने कहा कि सिरोही जिले के पत्रकार सर्दी, गर्मी और बारिश सहित हर मौसम में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आमजन की समस्याओं और पीड़ितों की आवाज को सामने लाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक समाराम गरासिया ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने की मांग को लेकर अपनी ओर से लिखित पत्र प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ को सौंपा। विधायक द्वारा पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर लिखित रूप से समर्थन देने पर संगठन की ओर से उनका आभार व्यक्त किया!
प्रदेश सचिव एवं उदयपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करनोत ने वीर शिरोमणी दुर्गादास जी के जीवन, संघर्ष और वीरता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वीर दुर्गादास जी ने अजीत सिंह की रक्षा के लिए अपना जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। उन्होंने मेवाड़ से लेकर सिरोही तक उनके संघर्ष और प्रवास से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी दी तथा उन स्थानों का उल्लेख किया जहां वीर दुर्गादास जी ने प्रवास किया और ठहरकर अपने संघर्ष को आगे बढ़ाया।
विक्रम सिंह करनोत ने वीर दुर्गादास के अदम्य साहस और संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लगभग तीस वर्षों तक घोड़े की पीठ पर बैठकर संघर्ष किया और अपने स्वाभिमान, कर्तव्य एवं मातृभूमि के लिए निरंतर संघर्षरत रहे।
उन्होंने सिरोही जिले के कालन्द्री , डोडुआ, गोयली सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वीर दुर्गादास का जीवन त्याग, वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा की ऐसी मिसाल है, जो आज भी समाज और युवा पीढ़ी को प्रेरणा देती है।
विक्रम सिंह करनोत ने अपने परिवार के वीर दुर्गादास जी की उन्नीसवीं पीढ़ी से जुड़े होने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे महान वीर पुरुषों के इतिहास और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। अपनी विश्वसनीयता, त्याग और समर्पण के साथ आमजन की समस्याओं को सामने लाकर समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने जिले के पत्रकारों की सक्रियता एवं सकारात्मक पत्रकारिता की सराहना की।

इस भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का मंच संचालन युवा पत्रकार राहुल रावल और तरूण मीणा ने किया। दोनों ही युवा पत्रकारों ने अपनी ओजस्वी वाणी, प्रभावशाली शब्दों और दमदार प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम में ऐसा समां बांधा कि उपस्थित जनसमूह अंत तक उनके संचालन से जुड़ा रहा। उनकी शब्दों पर शानदार पकड़, मंचीय आत्मविश्वास और जोशीली शैली ने कार्यक्रम की गरिमा और भव्यता में चार चांद लगा दिए। दोनों ने अपनी प्रभावी एंकरिंग से कार्यक्रम को ऊर्जा, उत्साह और जीवंतता से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, संगठनात्मक मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा, पत्रकार सुरक्षा कानून तथा भविष्य में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
समारोह का माहौल स्नेह, सौहार्द और पत्रकार एकजुटता से ओत-प्रोत रहा। अंत में अतिथियों एवं सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा जनहित एवं पत्रकारिता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश शिकायत निवारण समिति के प्रभारी दिनेश बोहरा, जिला महासचिव हरिपाल सिंह उखरड़ा, जिला उपाध्यक्ष नीरज हरिव्यासी, नाथूसिंह बालिया, पिंडवाड़ा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी मोहम्मद यूसुफ, पिंडवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष, रेवदर ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण पुरोहित, आबूरोड ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन शर्मा, सुमेरपुर उपखंड ईकाई अध्यक्ष नारायण डाबी, जिला सचिव राहुल रावल , हेमंत अग्रवाल, रमेश टेलर, डूंगाराम पुरोहित, अकरम मेहर, आबिद खान, प्रकाश माली, संदीप अग्रवाल, दीपक त्रिपाठी, किशन दहिया , यूसुफ पठान, अशोक घांची , मगन प्रजापत, सुजान सिंह, मुकेश पाल, विकास पटेल, सुरेश कुमार, महेंद्र गर्ग सहित जिलेभर से पत्रकार साथी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।




