लेखक- विमल मिश्र
‘नवभारत टाइम्स’ का मेरा ऑफिस सीएसएमटी के ठीक सामने टाइम्स ऑफ इंडिया बिल्डिंग में है। दिन का काम खत्म करने के बाद ऑफिस से निकलते अक्सर रात के साढ़े नौ हो ही जाते हैं। मैं “नवभारत टाइम्स” का सिटी एडिटर था। पहले पृष्ठ की सारी सामग्री दे और रिपोर्टिंग के तकरीबन सभी पृष्ठ ओके करने के बाद उस रात को साथी जाने माने पत्रकार अनुराग त्रिपाठी के साथ बिल्डिंग के ठीक पीछे वाले पुल (हिमालय ब्रिज, जो एक दुर्घटना के बाद बाद कुछ महीने पहले ही फिर से चालू हुआ है।) से ठाणे लोकल पकड़ने निकला तो सपने में भान नहीं था कि आगे की पूरी रात आंखों में ही निकलने वाली है। सीढ़ियां चढ़कर जैसे ही हम स्टेशन बिल्डिंग के भीतर पहुंचे कि उसके मुख्यद्वार की तरफ से तड़ – तड़ गोलियों की आवाजों के साथ ढेर सारे दौड़ते कदमों की आहट सुनाई दी। रेलिंग्स से झांका तो दूर से दिखे हड़बड़ी में भागते लोग।मुंबई में गैंग वॉर का जमाना खत्म हो चुका है, पर यह सीन देखकर पहला ख्याल यही आया। पुल पर आग की ओर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की खाना – पूर्ति करता रेल पुलिस का एक सिपाही बैठा था। पूछने पर उसने बताया कि जरूर कोई बड़ा आदमी स्टेशन में आया है, जिसे सम्मान से गन सैल्यूट दिया जा रहा है। यह हास्यास्पद तर्क हमारे गले कैसे उतरता। न्यूजमैन के रूप में उस वक्त हमारा फर्ज था इस घटना की तफतीश करना और जरूरी हो तो इसकी खबर देना और हमने वापस ऑफिस लौटने का फैसला किया। पर इससे भी जरूरी एक और फर्ज था। अगर सचमुच आगे कुछ गड़बड़ है तो पुल से ट्रेन पकड़ने नीचे जा रहे और स्टेशन में घुसती ट्रेनों के यात्रियों के आगे नहीं जाने के लिए खबरदार करना। हम पुल से नीचे उतरकर प्लेटफार्म की पिछली तरफ यह काम अंजाम देने लेगे और वापस लौटकर पुल के रास्ते वापस टाइम्स ऑफ इंडिया बिल्डिंग में। यह आतंकवादी घटना भी हो सकती है, उस समय दूर – दूर तक हमें इस आशंका का भान नहीं था। पर चूंकि घटनास्थल हमारी बिल्डिंग के ठीक सामने था, इसलिए हमारे सिक्स्थ सेंट ने घुसते ही पहला काम टाइम्स की सिक्यूरिटी वालों को सचेत करने का किया और उन्होंने आगे और पीछे के सारे दरवाजे बंद कर दिए। ऑफिस में आते ही तीसरी मंजिल से टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के फोटोग्राफर श्रीराम वेर्णेकर का कॉल इंतजार कर रहा था – ऊपर चले आइए। ऊपर, मतलब टाइम्स ऑफ इंडिया के संपादकीय कक्ष में। हिमालय पुल से उतरते आमिर अजमल कसाब की आग उगलती आंखों वाली वह प्रसिद्ध फोटो, जो श्रीराम ने खींची है 26/11 के एकमात्र जीवित हमलावर कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने का सबसे बड़ा सबूत बन गई है, उसी समय हमने समूह के सारे सीनियर एडिटर्स के साथ अपनी आंखों से कंप्यूटर पर देखा। दुनिया को आतंकवाद का प्रत्यक्ष चेहरा दिखाने वाले श्रीराम ने सिहरा देने वाला अपना अनुभव सुनाया, ‘गोलियों की आवाज सुनते ही कैमरा उठाकर मैं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर दौड़ पड़ा था। घुसते ही देखा कि ए. के. 47 से यात्रियों पर फायरिंग करते और ग्रेनेड फेकते खुंख्वार से दिखते दो लोग प्लेटफार्म सात से आगे की ओर बढ़ रहे हैं। प्लेटफॉर्म नंबर तीन की और जाते हुए उन्होंने राइफलों की मैगजीनें बदलीं। मैने वहां कुछ तस्वीरें लीं। इसके बाद दोनों प्लेटफॉर्म नंबर एक की ओर बढ़े। मैं तुरंत एक दीवार की ओट हो गया और मुंबई महानगरपालिका के रास्ते दफ्तर लौटा। यहां की दूसरी मंजिल जब फ्लैश ऑन करके दूसरी तस्वीर ती तभी एक आतंकी ने मेरी ओर मुड़कर फॉयर कर दिया।’श्रीराम से 26/11 केस की सुनवाई के दौरान अदालत में पूछा गया कि क्या आप उस हमलावर की पहचानते है जिसकी तस्वीर आपने खींची थी? ‘यही तो है’ कहकर उन्होंने बिना हिचकिचाहट कसाब की ओर इशारा कर दिया, जो कटघरे में बैठा था।’ इस रात करीब एक बजे जब श्रीराम ताजमहल होटल की ओर अपने अगले असाइनमेंट पर जा रहे थे तो उन्हें ऑफिस से फोन आया, यह बताने कि कि आपकी यह तस्वीर हम फ्रंट पेज पर ले रहे हैं। यह अजमल कसाब है – पाकिस्तानी आतंकवादी।’26/11 को आज 18 वर्ष हो गए, पर स्मृतियों में वह दिन आज भी उसी तरह अमर है। (लेखक पूर्व संपादक व लेखक हैं)








