लेखक – ओपी पाल
बचपन की रक्षा का महासंकल्प: 2030 तक बाल विवाह मुक्त विश्व का लक्ष्य
भारत में अब बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ भारत में शुरू हुई मुहिम अब वैश्विक अभियान का हिस्सा बन गई है। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा ‘बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने के बाद दुनियाभर में ‘अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस’ मनाया जा रहा है, जो बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता, राजनीतिक इच्छाशक्ति और ठोस कार्रवाई का प्रतीक बनेगा। एक ओर यह ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की दूसरी वर्षगांठ है, तो दूसरी ओर यह विश्व का पहला ‘अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस’ है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार और प्रभावशाली बनाने के लिए भारत सहित दुनियाभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मसलन अब 27 नवंबर को हर साल ‘अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस’ मनाया जाएगा। माना जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस’ घोषित किया जाना केवल एक औपचारिक मान्यता नहीं है, बल्कि यह दुनियाभर की सरकारों, समाजों और परिवारों के लिए एक स्पष्ट आह्वान है कि अब बच्चों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दूसरी तरफ भारत ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति, सशक्त कानून और सामुदायिक चेतना एक साथ मिल जाएं, तो सदियों पुरानी कुरीतियों को भी परास्त किया जा सकता है।दुनियाभर खासतौर से भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में सदियों से चली आ रही बाल विवाह की कुप्रथा ने न केवल लाखों बेटियों और बेटों का बचपन छीना है, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता और आत्मनिर्भरता के बुनियादी मानवाधिकारों से भी वंचित रखा है। भारत ने इस सामाजिक अभिशाप को जड़ से समाप्त करने के लिए जो इच्छाशक्ति, कानूनी सख्ती और सामुदायिक भागीदारी दिखाई, उसने पूरी दुनिया को एक नया रास्ता दिखाया है। आज जब 27 नवंबर को विश्व समुदाय एक साथ खड़ा होकर बाल विवाह के अंत का संकल्प ले रहा है, तो यह भारत के ‘बाल विवाह मुक्त विश्व’ के विजन की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। वैसे भी भारत के ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की ऐतिहासिक सफलता और सामूहिक संकल्प ने अब एक वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले लिया है। हालांकि, ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में व्याप्त गरीबी, अशिक्षा और लैंगिक भेदभाव को दूर किए बिना बाल विवाह का पूर्ण उन्मूलन संभव नहीं है। जब हर बेटी को स्कूल जाने का समान अवसर मिलेगा, जब समाज बेटियों को बोझ नहीं बल्कि भविष्य का निर्माता समझेगा, और जब हर नागरिक बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस दिखाएगा, तभी सही मायनों में हम एक ‘बाल विवाह मुक्त विश्व’ का निर्माण कर सकेंगे।*ऐसे मिली भारत मुहिम को वैश्विक पहचान*दरअसल, इस वैश्विक उपलब्धि की शुरुआत दो वर्ष पूर्व 27 नवंबर 2024 को हुई थी, जब भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के मार्गदर्शन में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ किया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश को पूरी तरह से बाल विवाह के कलंक से मुक्त करना था। सरकारी तंत्र के साथ-साथ नागरिक समाज संगठनों, विशेष रूप से ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ और इसके संस्थापक भुवन रिभु के नेतृत्व में इस मुहिम ने अभूतपूर्व गति पकड़ी। इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसका जनभागीदारी मॉडल रहा। देशभर में 25 करोड़ से अधिक नागरिकों, बच्चों, पंचायत प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और शिक्षकों ने बाल विवाह न करने और न होने देने की सामूहिक शपथ ली। भारत की इस सफलता से प्रेरित होकर दिसंबर 2024 में ‘बाल विवाह मुक्त नेपाल’ अभियान की शुरुआत हुई और देखते ही देखते यह मुहिम दुनिया के 99 से अधिक देशों में फैल गई, जिसे ‘बाल विवाह मुक्त विश्व’ अभियान के रूप में पहचान मिली।*सिएरा लियोन की अहम भूमिका*मार्च 2026 में संयुक्त राष्ट्र के मंच से अपने संबोधन के दौरान भुवन रिभु ने वैश्विक नेताओं के समक्ष बाल विवाह के उन्मूलन के लिए एक समर्पित अंतर्राष्ट्रीय दिवस घोषित करने की मांग रखी। इस पहल को अफ्रीकी देश सिएरा लियोन की प्रथम महिला डॉ. फातिमा माडा बायो का पुरजोर समर्थन मिला। इसके पश्चात सिएरा लियोन ने भारत के सक्रिय सहयोग से संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पेश किया, जिसे दुनिया के 67 देशों ने सह-प्रायोजित किया। अंततः 4 सितंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पारित करते हुए प्रतिवर्ष 27 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी। चूंकि 27 नवंबर को ही भारत में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान शुरू हुआ था, इसलिए इस तिथि का चयन भारत के प्रयासों के प्रति वैश्विक सम्मान का प्रतीक बन गया।*वैश्विक और राष्ट्रीय परिदृश्य*बाल विवाह केवल किसी एक देश या क्षेत्र की समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर वैश्विक चुनौती है। संयुक्त राष्ट्र और यूनिसेफ के आंकड़ों के अनुसार पिछले एक दशक में वैश्विक स्तर पर बाल विवाह की दर में 15 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे यह अनुपात 25 प्रतिशत (प्रत्येक 4 में से 1 लड़की) से घटकर लगभग 21 प्रतिशत (प्रत्येक 5 में से 1 लड़की) रह गया है और करीब 2.5 करोड़ बाल विवाह रोके जा सके हैं। इसके बावजूद, दुनियाभर में बाल वधुओं की सबसे बड़ी संख्या दक्षिण एशिया में है, जो वैश्विक कुल का 44 प्रतिशत (लगभग 28.5 करोड़) है, जबकि उप-सहारा अफ्रीका में यह हिस्सेदारी 18 प्रतिशत (लगभग 11.5 करोड़) है। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य के तहत वर्ष 2030 तक बाल विवाह को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन वर्तमान वैश्विक गति इतनी धीमी है कि यदि इसमें तेजी नहीं लाई गई, तो इस कुप्रथा को समाप्त करने में 300 वर्ष और लग सकते हैं। इसलिए 2030 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वैश्विक प्रयासों की गति को पिछले दशक की तुलना में 12 गुना तेज करना अनिवार्य है। भारत के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5,(2019-21) के अनुसार, देश में 20 से 24 वर्ष की आयु की 23.3 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की कानूनी उम्र से पहले हो गया था, जो 2023-24 में घटकर 20.1 प्रतिशत पर आ गया है। भारत सरकार ने वर्ष 2026 के अंत तक बाल विवाह की दर को 15 प्रतिशत से नीचे लाने और 2030 तक इसे पूर्णतः समाप्त करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।*बाल विवाह के बहुआयामी दुष्परिणाम*बाल विवाह को मात्र एक सामाजिक रीति-रिवाज या परंपरा के रूप में देखना एक बड़ी भूल होगी। वस्तुतः यह बच्चों के मौलिक मानवाधिकारों का सीधा उल्लंघन है। कम उम्र में विवाह के दुष्परिणाम अत्यंत भयावह और पीढ़ियों तक असर डालने वाले होते हैं। कम उम्र में विवाह होने से लड़कियां शारीरिक और मानसिक रूप से परिपक्व हुए बिना ही गर्भधारण कर लेती हैं। इससे मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। कम उम्र की माताओं से जन्मे बच्चे अक्सर कुपोषण, कम वजन और गंभीर बीमारियों का शिकार होते हैं। विवाह होते ही अधिकांश लड़कियों की पढ़ाई छुड़वा दी जाती है। स्कूल से बाहर होने के कारण उनके व्यक्तित्व विकास, कौशल निर्माण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के सभी रास्ते बंद हो जाते हैं। कम उम्र की वधुएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक नहीं होतीं, जिसके कारण वे ससुराल में घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का अधिक शिकार होती हैं। कई मामलों में बाल विवाह मानव तस्करी और जबरन श्रम का भी रूप ले लेता है। अशिक्षा, खराब स्वास्थ्य और बेरोजगारी के कारण ऐसे परिवार गरीबी के दुष्चक्र में फंसे रहते हैं, जिससे देश की मानव पूंजी और आर्थिक उत्पादकता को भी भारी नुकसान पहुंचता है।(लेखक स्वतंत्र पत्रकार व लेखक हैं)





