बलिदानियों को याद करना हमारा कर्तव्य है: बृजेश सिंह प्रिंसू




देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना सच्ची श्रद्धांजलि : राजदेव सिंह
लहू में जोश, आंखों में इंकलाब रखते हैं, हम देश पर मिटने का ख्वाब रखते हैं…। कुछ इसी जोश के साथ राष्ट्रवादी नौजवान सभा के तत्वावधान में शुक्रवार की शाम बंसफा गांव में सई नदी के तट पर स्थित नागेश्वर धाम मंदिर पर ‘शाम इंकलाबी’ कार्यक्रम का शानदार आगाज हुआ। कार्यक्रम में युवाओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारत माता की जयकारे, इंकलाब जिंदाबाद व वंदे मातरम के नारों के साथ साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों व कार्यक्रमो पर युवा झूमते नजर आए।
राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक पूर्व सांसद धनंजय सिंह व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसु के साथ पूर्व विधायक राजदेव सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार भगत सिंह व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत किया। अपने सम्बोधन में पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रवादी नौजवान सभा कोई राजनैतिक संगठन नही है और न कभी कोई राजनैतिक संगठन बनेगा। यह संगठन समान विचार वाले लोगो का संगठन होगा। पूर्व सांसद ने कहा कि आप विभिन्न राजनैतिक दलों में राजनीति करते रहिए, लेकिन आप का चिंतन समाज और राष्ट्र के प्रति अच्छा होना चाहिए। जब भी कोई सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दे हो उसके लिए एकत्रित होकर खड़े रहिये, आवाज उठाइये, सरकार को जगाइए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का राष्ट्र निर्माण में क्या भूमिका हो, उसका क्या योगदान हो उस विषय पर कुछ काम किया जाये तो बेहतर होगा। विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसु ने कहा कि बलिदानियों के बलिदान को याद करना हमारा कर्तव्य है। बलिदानियों की गाथाओं को वर्तमान व आने वाली पीढ़ी उनके पदचिन्हों पर अच्छे से चल सके इसके लिए राष्ट्रवादी नौजवान सभा की यह अच्छी पहल है। इसमें सभी को साथ आना चाहिए। पूर्व विधायक राजदेव सिंह ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय करनी होगी। देशभक्ति के संदेश को जन जन तक पहुंचना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह ने अभ्यागतों का स्वागत व सचिव राना सिंह ने आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर चंचल सिंह, डा. समर बहादुर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, राजीव सिंह, परवेन्द्र सिंह पम्मू, पूर्व प्रमुख आशुतोष सिंह, डा. अब्बासी, प्रशांत कुमार, दिनेश सिंह, राय अभय सिंह, रीगन सिंह सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन दीपक सिंह ने किया।



