(मुकेश सेठ)
( मुंबई)
√ शेखपुर आशिक गांव में मोहर्रम के ताजिया जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए राजा कुंडा उदय प्रताप सिंह समेत १३ लोगों को भदरी महल में किया गया नजरबंद
√ छःवर्ष पूर्व ताजिया जुलूस के दिन ही गोली मारकर एक बन्दर की हत्या किये जाने पर हुआ था बवाल, तबसे जुलूस के दिन शासन- जिला प्रशासन रहता है हाई अलर्ट

√ जिला प्रशासन ने भदरी महल समेत क्षेत्र को बना दिया पुलिस छाँवनी, हनुमान मन्दिर पर बन्दर की पुण्यतिथि मनाने की मनाही के साथ ही सिर्फ़ पुजारी ही करेंगे पूजा
√ पुरानी परंपरा के अनुसार ही जुलूस निकालने को कहा गया है संदिग्धो पर रखी जा रही कड़ी नज़र- सतपाल अंतिल

उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक राजा भैया के पिता कुंडा नरेश उदय प्रताप सिंह समेत १३ लोगों को जिला प्रशासन ने शनिवार तक उनके भदरी महल में हाउस अरेस्ट कर बाहर निकलने पर रोक लगा दी है।
भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ ही पीएसी तैनात कर क्षेत्र को पुलिस छावंनी बना दिया गया है।
विदित हो कि छः वर्ष पूर्व कुंडा कोतवाली क्षेत्र के तहत शेखपुर आशिक गांव मुहर्रम के ताजिया जुलूस वाले दिन ही गाव में एक बन्दर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जिससे माहौल तनाव पूर्ण हो गया था।
उसके पश्चात हर मोहर्रम के ताजिया जुलूस निकलने वाले दिन ही कुंडा राजा उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व मे हनुमान मन्दिर पर बन्दर की स्मृति में पुण्यतिथि मनाई जाती है।जिसमें आस पास के क्षेत्रों से भारी भीड़ जुटती है ऐसे में माहौल तनावपूर्ण हो जाता था।
प्राप्त जानकरी के अनुसार शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने गत शुक्रवार की रात कुंडा विधायक राजा भैया के पिता कुंडा के राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को पुलिस प्रशासन ने भदरी महल में नजरबंद कर दिया है।
उदय प्रताप सिंह के भदरी महल के बाहर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। मुहर्रम के जुलूस को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए कमर कस चुके प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अफसरों के निर्देश पर कुंडा कोतवाली के तहत आने वाले शेखपुर आशिक गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में बदल गया है।

भदरी महल पर भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान लगा दिए गए हैं। गांव के आसपास सड़कों व गांवों में तैनात पुलिस टीम से पल-पल का की जानकारी आला अधिकारी ले रहे हैं। यहां पर एक अपर पुलिस अधीक्षक, दो क्षेत्राधिकारी, छह निरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक, 39 हेड कांस्टेबल, 101 कांस्टेबल, 14 महिला सिपाही, सात यातायात सिपाही के साथ ही एक कंपनी पीएसी के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तैनात किया गया है।
आगामी शनिवार को शेखपुर आशिक गांव से मुहर्रम के ताजिया का जुलूस निकलेगा।किसी भी प्रकार से शांति भंग न हो इसके लिए प्रशासन ने गांव के आसपास पीएसी के 100 जवान, कुंडा, नवाबगंज, हथिगवां , बाघराय, मानिकपुर, संग्रामगढ़ थाने की पुलिस व कौशाम्बी के पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया जा चुका है। शेखपुर आशिक गांव के पास हनुमान मंदिर में शनिवार को केवल पुरोहित को ही पूजन करने की अनुमति जिला प्रशासन ने दी है और वहां अन्य किसी प्रकार के आयोजन की सख़्त मनाही की गई है।
आशिकपुर गांव के तनावपूर्ण माहौल के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि उदय प्रताप सिंह, अधिवक्ता हनुमान प्रसाद पांडेय सहित 13 लोगों को भदरी महल में नजरबंद किया है। गांव के आसपास सभी पक्षों को पुरानी परंपरा के अनुसार ही जुलूस निकालने को कहा गया है। गांव के माहौल को देखते हुए 100 से अधिक लोगों को पुलिस ने पाबंद भी किया है। संदिग्ध लोगों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है और समूचे क्षेत्र में खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है, जो अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट से अवगत करा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार प्रयागराज- लखनऊ हाईवे पर शनिवार को ताजिया का जुलूस भारी संख्या में मुस्तैद रहने वाले पुलिस बल के पहरे मे निकलेगा।
कुल मिलाकर क्षेत्र में शांति पूर्वक मोहर्रम का जुलूस संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन किसी भी प्रकार की गड़बड़ियों से निपटने के लिए चाक चौबंद है तो वहीं शासन को हरदम रिपोर्ट भेजी जा रही है।




