★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में दुर्गाश्री ज्वेलर्स में लूट में असफ़ल रहने पर दुकानदार सोहन ताम्रकार को मारी गोली,घायल अस्पताल में भर्ती
पकड़ा गया बदमाश सेना का भगोड़ा सिपाही है जिसने यूपी के सपा विधायक सुहेब अंसारी के सरकारी गनर राकेश चौधरी को सुल्तानपुर में चलती ट्रेन में चाक़ू से हत्या कर लूटी थी कार्बाइन

घायल सिपाही की इलाज़ के दौरान लखनऊ के ट्रामा सेंटर में गत 2 नवम्बर को हो गयी थी मौत
मालूम हो कि चाकू के हमले मेंबुरी तरह से घायल यूपी पुलिस के आरक्षी राकेश चौधरी की इलाज के दौरान लखनऊ के ट्रामा सेंटर में 2 नवबंर को मृत्यु हो गई थी।

सिपाही की हत्या एवं कार्बाइन की लूट से यूपी पुलिस में हड़कंप मच गया था और योगी सरकार पर विपक्षी दल भी क़ानून व्यवस्था के मुद्दे पर जमकर हमला बोला था।इस सनसनीखेज वारदात के बाद रेलवे पुलिस के साथ ही यूपी पुलिस की अन्य इकाईयां भी सरगर्मी के साथ कारबाइन लूटने वाले बदमाश की तलाश में जुटी हुईं थी, परंतु इस वारदात को अंजाम देने वाला सेना का भगोड़ा कारबाइन लिए न केवल आराम से टहल रहा था बल्कि कल दिन में वह कारबाइन लेकर मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में एक सर्राफ़ा व्यापारी को लूटने पहुंच गया, मगर छिंदवाड़ा के व्यापारियों व जनता ने बहादुरी का परिचय देते हुए उसे न केवल धर दबोचा बल्कि उसकी जमकर पिटाई भी की।
पकड़ा गया संदीप यादव मेरठ की आर्मी यूनिट में तैनात था। संदीप फरवरी-मार्च 2022 में छुट्टी पर छिंदवाड़ा गया था, फिर वापस नहीं आया। कई बार सेना द्वारा सूचना देने के बाद वापस न आने पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
बताया जाता है कि संदीप यादव छिंदवाड़ा में सर्राफ के यहां से लूट कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जनता ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लाठी डंडा लेकर उसे घेर लिया और पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के पास से लूटी गई कार्बाइन और जिस चाकू से गनर की हत्या की गई थी, बरामद हुआ है।
छिंदवाड़ा के एसपी विनायक वर्मा के अनुसार संदीप यादव (32 वर्ष) के पास जो आईडी कार्ड मिला है, उसमें इसकी नायक रैंक है। जनता की पिटाई से घायल संदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बरामद 9 एमएम कार्बाइन से तीन फायर हुए हैं। छिंदवाड़ा पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यही सामने आ रहा है कि यह लूट करने की नीयत से ही बैग लेकर आया था।
घटना की बाबत बताया जाता है कि छिंदवाड़ा की छोटी बाजार में चूना गली के पास सोहन ताम्रकार की दुर्गाश्री ज्वैलर्स नाम से दुकान है। ऊपर के फ्लोर पर वे रहते हैं। सोमवार सुबह सोहन दुकान में थे, इसी दौरान बदमाश बाइक से आया और सीधा दुकान में घुस गया। उसने गन और बैग दिखाते हुए सोहन से कहा कि जेवर इस बैग में डाल दो। सोहन ने मना किया तो उसने उनको लक्ष्य कर फायर कर दिया एक गोली सोहन के पेट में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौड़े तो आरोपी ने उन पर भी फायरिंग कर दी। आरोपी दुकान से बाहर आकर बाइक स्टार्ट करने लगा। हाथ में गन होने की वजह से लोग दूर रहे। बदमाश ने 6 बार किक मारी, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इतने में लोगों ने लाठी-डंडे लेकर उस पर हमला कर दिया और उसे बाइक से गिराकर खूब पीटा।सूचना पर पहुँची पुलिस ने उसको अपनी गिरफ्त में ले लिया और घायल बदमाश सन्दीप यादव को इलाज के लिए छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
वहीँ उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जनपद की पुलिस जल्द ही सेना के भगोड़े व आरक्षी की हत्या के आरोपी संदीप यादव को छिंदवाड़ा जाकर रिमांड पर लेगी।




