(आलोक तिवारी)
(मथुरा)
चंद्रपाल ने कहा लोकसभा चुनाव के दौरान श्रावस्ती कांग्रेस जिलाध्यक्ष नसीम ने मथुरा जिलाध्यक्ष बनवाने के नाम पर लिया 1 लाख, नसीम ने कहा करूंगा केस
ऐसे किसी प्रकरण की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं आई है सामने आने पर होगी कार्रवाई: अजय राय
जनपद के एक कांग्रेसी नेता ने कांग्रेस के एक जिलाध्यक्ष नसीम चौधरी नामक व्यक्ति पर एक लाख रुपए वसूलने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि यह रुपया मथुरा का कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनवाने के नाम पर लिए गए। पैसे वापस मांगने पर जान-माल की धमकी दी जा रही है। बैंक खाते में किए गए भुगतान से संबंधित ई-ट्रांजेक्शन की रसीद लगाकर शिकायत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से कर दी गई है।
इस प्रकरण की क्षेत्र में जोरदार चर्चा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मथुरा जिले के भगवान नगर, अडूकी निवासी चंद्रपाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया है कि लोकसभा चुनाव के दौरान वे बलरामपुर में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी का चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात श्रावस्ती जिलाध्यक्ष नसीम चौधरी से हुई। घुल-मिल जाने पर उन्होंने मथुरा जिले का जिलाध्यक्ष बनवाने का लालच दिया। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक लाख रुपए का खर्चा बताया।
शिकायतकर्ता ने लिखा है कि उसने नसीम चौधरी के मोबाइल नंबर 9793207325 पर अपने फोन नंबर 9410813704 से 24 मई को एक लाख रुपए फोन-पे के जरिए भेज दिया। काम नहीं हुआ तो पैसा वापस मांगने पर श्रावस्ती जिलाध्यक्ष जानमाल की धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से रुपए वापस दिलाने और कार्रवाई करने की मांग की है।
श्रावस्ती कांग्रेस जिलाध्यक्ष नसीम चौधरी ने आरोप काे फर्जी बताते हुए कहा कि मैं किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं जानता हूं संबंधित के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा।
उधर इस बहुचर्चित मामले पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि यह प्रकरण अभी तक मेरे संज्ञान में नहीं आया है,पत्र मिला तो जांच करवाकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पार्टी बड़ी कार्रवाई करेगी।