राजेश बैरागी
गौतम बुद्ध नगर
√ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने “बी सेल्फिस” अभियान के बाबत चलाये जा रहे अभियान की दी जानकारी
क्या भारतीय नागरिकों को मतलबी अर्थात सेल्फिश होना चाहिए होना तो नही चाहिये किंतु बात जब प्राण बचाने के उपाय पर की जाए तो होना ही चाहिये।
ऐसी ही शिक्षा इस समय चल रहे यातायात माह के दौरान कमिश्नरेट पुलिस नागरिकों को ‘बी सेल्फिश’ की शिक्षा दे रही है।
यातायात जागरूकता माह के अंतर्गत कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के क्रम में ‘बी सेल्फिश’ के नाम से भी अभियान चलाया गया है।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने आज एक प्रेस वार्ता में इस अनोखे अभियान की घोषणा की। इसके अंतर्गत ऐसे वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा जो मामूली से फेर से बचने के लिए गलत कट, गलत यू टर्न तथा विपरीत दिशा में वाहन चलाते हैं। ऐसे स्थान चिन्हित कर वहां यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को बताया जाएगा कि वे सेल्फिश अर्थात अपने लिए और अपने परिजनों के लिए चिंता करें। उन्हें गलत दिशा और गलत तरीके से वाहन चलाने के नफे नुकसान के बारे में समझाया जाएगा। मसलन उन्हें बताया जाएगा कि ऐसा करने से न तो ईंधन की बचत होती है और न समय की।
श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि विभिन्न अध्ययनों से निष्कर्ष निकला है कि गलत दिशा और गलत तरीके से वाहन चलाने से कोई लाभ नहीं होता है जबकि ऐसा करने से अपना और दूसरों का जीवन दांव पर लग जाता है। दरअसल यातायात जागरूकता माह(1 से 30 नवंबर) के दौरान कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क यातायात की विभिन्न खामियों और समस्याओं को दूर करने का अभियान चला रही है।आज ही कमिश्नरेट मुख्यालय नोएडा सेक्टर 108 में सैकड़ों ऑटो रिक्शा चालकों को आमंत्रित कर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया।
कमिश्नर ने बताया कि इस दौरान जनपद में मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने, नियमित रूप से जाम लगने वाले स्थानों को चिन्हित कर व्यवस्था दुरुस्त करने तथा आदतन यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की पूरी कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के साथ बैठक कर यातायात संबंधित बिंदुओं पर बैठक कर इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में संयुक्त आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा,अपर आयुक्त (मुख्यालय) बबलू कुमार, उपायुक्त नोएडा रामबदन सिंह, उपायुक्त यातायात यमुना प्रसाद सहित कमिश्नरेट के सभी उच्चाधिकारी उपस्थित थे।




