(मुकेश सेठ)
( मुंबई)
भारत हेवी इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड प्लॉट नंबर- 25, सेक्टर- 16, नोएडा के प्रबंधन द्वारा संस्थान में वर्षों से लगातार स्थाई रूप से कार्यरत श्रमिकों का लगातार आर्थिक शोषण, उत्पीड़न करने व संस्थान पर लागू वेतनमान श्रमिकों को भुगतान न करने पर आज कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
श्रमिक संगठन सीटू के बैनर तले धरना प्रदर्शन शुरू किया गया है, कर्मचारी नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि गत 17 से 21 अप्रैल के मध्य 16 कर्मचारियों को गैर कानूनी तरीके से नौकरी से निकाले जाने के खिलाफ आज प्रातः 8:30 बजे से कर्मचारियों ने धरना शुरू किया जो दिन भर जारी रहा।
यूनियन लीडर रणजीत सिंह ने कहा कि प्रबंधन जब तक श्रमिकों को कार्य पर नहीं लेंगे तब तक संस्थान के समक्ष कर्मचारी ड्यूटी जाते समय और ड्यूटी समाप्त होने पर कंपनी के मुख्य द्वार के समक्ष गेट मीटिंग/प्रदर्शन कर नारेबाजी करेंगे और कार्य से रोके गए सभी श्रमिक संस्थान के मुख्य द्वार के समक्ष कांन्ट्रेक्ट लेबर इम्पलाईज यूनियन “सीटू” का झंडा- बैनर के साथ आज ही की तरह प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक धरना पर बैठेंगे।
धरना प्रदर्शन को सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा व महासचिव रामसागर ने संबोधित किया।
साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन निकाले गए सभी कर्मचारियों को क्षतिपूर्ति सहित कार्य पर पुनः बहाल करें अन्यथा तय कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन संस्थान के समक्ष आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए संस्थान के प्रबंधन पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।




