भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को कर दिया है तबाह: अखिलेश यादव
(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
सपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी समस्याओं की जड़ है भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा डॉ राममनोहर लोहिया की दाम बांधो नीति से ही महंगाई पर लगेगी लगाम
सरकार बच्चों के भविष्य के साथ कर रही खिलवाड़ और बीजेपी राजनीतिक दल नही गैंग है आरोप लगाया राष्ट्रीय अध्यक्ष ने
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं नेताओं का उत्साह बढ़ाते नज़र आए तो वहीं उन्होंने केन्द्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर हमलावर रहे।
आज शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में अखिलेश यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं, नेताओं और परिचितों से मुलाकात की।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश संकट में है,भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। जो हालात हैं, उसमें महंगाई में लगातार वृद्धि होगी,भाजपा सरकार की नीतियां फेल है। उन्होंने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया की दाम बांधो नीति से ही महंगाई पर लगाम और अनाप-सनाप लूट पर रोक लगेगी। आमदनी और खर्च के अनुपात में संतुलन होना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा है समय कम है और लोकतंत्र बचाने में यूपी की बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करेगी लेकिन इस बार जनता की ताकत के सामने भाजपा टिक नहीं पायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नौ वर्ष में प्रदेश में विकास का कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है और इस सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गयी है हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है। जनता भाजपा के चाल-चरित्र और चेहरा को समझ चुकी है भाजपा खोखली है। उसके पास जनता के हित के लिए कोई विजन नहीं है।
अध्यक्ष ने कहा कि देश में वर्तमान संकट का कारण भाजपा है वही सभी समस्याओं की जड़ है। भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है और जनता को भ्रमित करती है।

आगे कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में संसद में पास होकर कानून बन चुका है, महिला आरक्षण कानून तत्काल 2027 में लागू होना चाहिए। भाजपा महिलाओं को गुमराह करना बंद करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ पीडीए एकजुट है पीडीए भाजपा का विकल्प है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है।
यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके व्यवहार से किसी को कष्ट न हो कार्यकर्ताओं और नेताओं की भाषा और व्यवहार किसी के खिलाफ न हो और भाजपा से सावधान रहें क्योंकि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश करती है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक विशम्भर यादव, विधायक तूफानी सरोज, पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन, जावेद आब्दी, पूर्व मंत्री चन्द्रदेव राम यादव करैली, पूर्व एमएलसी श्रीमती लीलावती कुशवाहा, असीम यादव पूर्व एमएलसी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहें।

