(मुकेश सेठ) (मुम्बई)
26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर लोकतंत्र सेनानी संघ नई दिल्ली में “संविधान की विध्वंसक कांग्रेस” विषय पर करेगा संगोष्ठी


लोकतंत्र सेनानी संघ 26 नवंबर को संविधान दिवस पर नई दिल्ली में ‘संविधान की विध्वंसक कांग्रेस’ विषय पर राज्यस्तरीय संगोष्ठी आयोजित करेगा।रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं संगठन के राष्ट्रीय सह संरक्षक अश्विनी कुमार चौबे के आवास पर हुई दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।बैठक में भाजपा, केंद्र सरकार का समर्थन करने वाले दलों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित करने का फैसला किया गया। साथ ही दिल्ली में लोकतंत्र सेनानियों को अन्य राज्यों की तर्ज पर सम्मान, सुविधाएं और पेंशन देने की मांग पर भी चर्चा हुई।इस दौरान अश्विनी चौबे ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग कभी बूथों पर कब्जा करते और मतपेटियां लूटते थे, वे आज दूसरों पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कमजोर किया था। संगोष्ठी में आपातकाल के दौरान कांग्रेस की भूमिका और उसके कथित दोहरे मापदंडों को उठाया जाएगा।बैठक में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओपी बब्बर, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजन धींगरा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार सपरा सहित कई लोकतंत्र सेनानी मौजूद रहे।



