(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
मुंबई जनता दल (सेक्युलर) ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से की मांग
आगामी गणेशोत्सव के मद्देनजर बढ़ती महंगाई से परेशान मुंबईकरों को बड़ा आर्थिक राहत देने के लिए ‘मुंबई जनता दल (सेक्युलर)’ की ओर से राज्य सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग की गई है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक आधिकारिक पत्र भेजकर गणेशोत्सव के दौरान आवश्यक किराना सामग्री रियायती यानी अनुदानित दरों पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। महाराष्ट्र के सबसे बड़े धार्मिक उत्सव ‘गणेशोत्सव’ में घर-घर में मोदक, मिठाइयां और विभिन्न व्यंजन बनाने के लिए चीनी, बेसन, रवा और पाम तेल जैसी खाद्य सामग्रियों की भारी मात्रा में आवश्यकता होती है। हालांकि, इस साल किराना सामान और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं के दाम अत्यधिक बढ़ने के कारण आम और मध्यमवर्गीय मुंबईकरों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है और इस महंगाई की सीधी मार नागरिकों पर पड़ रही है। इस गंभीर समस्या की ओर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए मुंबई जनता दल (सेक्युलर) ने आम मुंबईकरों को राहत देने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की है।
पार्टी ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि रियायती दरों वाली यह किराना सामग्री सभी आम मुंबईकरों के लिए उपलब्ध होनी चाहिए। इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन दुकानों) के साथ-साथ अपना बाजार, सहकारी भंडार और अन्य सहकारी संस्थाओं के स्टोर के जरिए आसानी से वितरित किया जाना चाहिए। चूंकि गणेशोत्सव में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, इसलिए राज्य सरकार को इस पर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर घोषणा करनी चाहिए, ताकि त्योहार से पहले यह सामग्री नागरिकों तक पहुंच सके और लाखों सामान्य परिवारों को इस उत्सव के दौरान बड़ी आर्थिक राहत मिल सके।
यह पत्र मुंबई जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष सुरेंद्रकुमार बाजपेयी, स्थायी आमंत्रित सदस्य निलेश कंटारिया, सुहास बने व विनोधन मोरे, प्रधान महासचिव संजीवकुमार सदानंदन, कोषाध्यक्ष प्रमोद खंडेलवाल, तथा उत्तर मुंबई जिलाध्यक्ष सुजीत कटियार और उत्तर मध्य मुंबई जिलाध्यक्ष प्रशांत शेडगे के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी किया गया है।





