(संजय राय)(नई दिल्ली)
भारतीय विद्या भवन के लीलावती मुंशी कॉलेज ऑफ एजुकेशन और भारतीय विद्या भवन कॉलेज ने शुक्रवार को कमानी ऑडिटोरियम में संयुक्त रूप से स्थापना दिवस समारोह मनाया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के योगदान और उपलब्धियों को याद किया गया।समारोह में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा मुख्य अतिथि और एचसीएल के सह-संस्थापक एवं पूर्व उपाध्यक्ष अर्जुन मल्होत्रा विशिष्ट अतिथि रहे। भारतीय विद्या भवन के अध्यक्ष बनवारी लाल पुरोहित ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर संस्थान के दिल्ली केंद्र के अध्यक्ष सीएस वैद्यनाथन, उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति मुकुल मुद्गल और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।कार्यक्रम में अर्जुन मल्होत्रा ने शिक्षा में तकनीक की बढ़ती भूमिका और निरंतर सीखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर अत्यधिक निर्भरता से बचने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप अपने कौशल विकसित करने की सलाह दी। वहीं, प्रो. पंकज अरोड़ा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षक शिक्षा में हो रहे बदलावों और शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास को महत्वपूर्ण बताया। बनवारी लाल पुरोहित ने संस्थापक केएम मुंशी के विजन और भारतीय विद्या भवन की शैक्षिक विरासत को याद किया।इस अवसर पर कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘भवन तत्व-2026’, बीएलएमसीई का ई-न्यूजलेटर ‘वीथिका’ और बीवीबी कॉलेज का न्यूजलेटर ‘लाइफ@बीवीबीसी’ सहित अन्य प्रकाशनों का विमोचन किया गया। शैक्षणिक उपलब्धियों, सर्वाधिक उपस्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को श्रेष्ठ शिक्षक और श्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत योग प्रदर्शन, भांगड़ा, गिद्दा और भरतनाट्यम की प्रस्तुति भी दी गई।








