लेखक -विमल मिश्र
चुंबक -सी छुअन, सम्मोहन-सी महक, पन्ने बदलते समय उनकी फडफ़ड़ाहट-किताबों का फील ही अलग होता है। मिसाल है मुंबई पुस्तक महोत्सव
आम शिकायत है कि मुंबई में हिंदी किताबों के पाठक, खासकर उन्हें खरीदकर पढ़ने वाले पाठक नहीं हैं और न हैं इन किताबों को हासिल करने के लिए माकूल ठिकाने। मुंबई विश्व विद्यालय के कालीना परिसर में इन दिनों लगा छह दिवसीय मुंबई पुस्तक महोत्सव -जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने मंगलवार को किया – इस धारणा को तोड़ने की पूरी कोशिश कर रहा है। देश के जाने – माने लोगों की मौजूदगी के बीच पुस्तक मेले में भारी भीड़ उमड़ रही है। सबसे अधिक हर्षाने वाली है युवाओं का हजूम, जिससे इस शांत – सुरम्य परिसर में रोजाना जाम जैसी हालत पैदा हो रही है। भारतविद्या और धार्मिक सांस्कृतिक पुस्तकों के अग्रणी प्रकाशक मोतीलाल बनारसीदास के मोनू कुमार पुस्तक मेले में उमड़ी भीड़ को देख कर चकित थे। आर. के. पब्लिकेशन के मुखिया रामकुमार बताते हैं, ‘अभी पुस्तक मेले के तीन दिन बचे हैं। उम्मीद है कि अंतिम दिन तक मुंबई का हर पढ़ने -लिखने वाला यहां अवश्य आएगा।”“हमारा उद्देश्य है छात्रों, युवाओं और परिवारों में वाचन संस्कृति को बढ़ावा देना”, मुंबई पुस्तक महोत्सव के मुख्य आयोजनकर्ता प्रो मिलिंद सुधाकर मराठे का कहना था।आयोजन से प्रमुखता से जुड़े आचार्य पवन त्रिपाठी ने जानकारी दी, “600 से अधिक स्टाल लगे हैं और यहाँ आए 300 से अधिक प्रकाशकों के बीच 50 से अधिक प्रमुख हिंदी प्रकाशक भी हैं।” आयोजन से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार राजेश विक्रांत बताते हैं, ‘यहां आने वाले केवल खरीदार नहीं हैं, वे पुस्तक मेले के विविधरंगी कार्यक्रमों में भी भागीदारी कर रहे हैं।’साहित्यकार जया आनंद ने बताया, ‘ई-बुक, टैब्लेट, लैपटॉप और वाट्सअप के इस जमाने में किताबें लौट रही हैं, यह पुस्तक मेला इसकी मिसाल है।” व्यंग्य विधा की अपनी मनपसंद किताबें मिलने से प्रसन्न हिंदी व्यंग्यकार समीक्षा तैलंग ने इस सफल आयोजन के लिए नेशनल बुक ट्रस्ट को बधाई दी। पत्रकार राकेश निर्मोही ने आयोजन की प्रशंसा तो की, पर इस शिकायत के साथ कि “भारी भीड़ की वजह से मनमाफिक किताबें ढूंढने के लिए उन्हें शांत माहौल नहीं मिल पाया।”अहिंदी भाषी प्रदेश में होने के बावजूद मुंबई देश के उन 10 बड़े शहरों में एक है जहां हिंदी की किताबों के सबसे ज्यादा पाठक हैं। बल्कि देखने में यह भी आया है कि मुंबई में अहिंदीभाषी हिंदीभाषियों से ज्यादा किताबें खरीद रहे हैं। मुंबई में अभी तक हुए विभिन्न हिंदी पुस्तक मेले उस तरह सफल नहीं हो पाए जैसे दिल्ली के प्रगति मैदान व हिंदी राज्यों में होने वाले मेले होते रहे हैं, जबकि यहां हिंदी बोलने वाले और उससे प्रेम रखने वाले पाठकों की संख्या कम नहीं है।आयोजन में आए दिल्ली के एक प्रकाशक ने बताया, “अंग्रेजी में बिकने वाली किताबों की तुलना में हिंदी की किताबें 20 फीसदी भी नहीं बिकतीं। जो बिकती हैं उनमें भी सबसे ज्यादा विदेशी बेस्टसेलर्स और भारतीय अंग्रेजी लेखकों के अनुवाद ही हैं।’ हिंदी प्रकाशकों की अपनी समस्याएं हैं और लेखकों की अपनी। जहां कुछ बड़े प्रकाशकों को हिंदी किताबों की अनिवार्य सरकारी खरीद ने संभाल रखा है, पर बढ़ती लागत और घटती पाठन रुचि ने बाकियों को उससे दूर कर दिया है। मुंबई के ज्यादातर पुस्तकालयों में हिंदी किताबों की नगण्य उपस्थिति है और नए प्रकाशन तो सिरे से गायब हैं। विडंबना देखिए, जिन्होंने पढऩे का शौक पैदा किया वे कई मैगजीनें आज खुद इतिहास बन गई हैं। लाइब्रेरियों की कुर्सियां सूनी रहने लगी हैं, जानी-मानी बुक चेन्स गुजारे के लिए स्टेशनरी, खिलौने और सीडी-डीवीडी की सेल के मोहताज नामचीन अखबारों की रीडरशिप ऐसे वक्त गिरने लगी है जब साक्षरता दर लगातार बढ़ रही है। गर्मी की छुट्टियों में भरी रहने वाली लाइब्रेरियां, रीडिंग्स रूम व किताबों की दुकानें सूनी हैं और सेकंड हैंड बुक्स के दुकानदार फुटपाथों पर किताबें बिछाए बोहनी का इंतजार कर रहे हैं।सचाई यह है कि देश भर की तरह हिंदी पढ़ने के इच्छुकों की कमी नहीं। सोशल मीडिया पर उसकी बढ़ती लोकप्रियता इसकी मिसाल है। इसलिए ‘लोग पढ़ने की तरफ वापस किस तरह मुड़ें’ वाले सवाल की तरह यह सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि उन तक सही किताबें सही तरीके और सही मूल्य पर कैसे पहंचाई जाएं। सचाई यह है कि देश की एक बड़ी आबादी को किताबें अभी उपलब्ध ही नहीं हैं। देश के बड़े इलाकों में कहीं-कहीं तो दो-दो सौ किलोमीटर की परिधि में किताबों की दुकानें हैं ही नहीं।
——— क्या पढ़ते हैं मुंबईकर? बच्चे: कैरेक्टर बेस्ड स्टोरी बुक्स और कॉमिक्स। युवा वर्ग: मोटिवेशन और सेल्फ हेल्प बुक्स। ज्योतिष, आध्यात्म, वास्तु। महिलाएं: नॉवेल्स, फिक्शन (खासकर लव स्टोरी), कुकरी। प्रौढ़ और सीनियर सिटिजन: साहित्य और जीवनी।(लेखक पूर्व संपादक हैं)






