*बच्चों की रुचि देखकर लगता है कि पुस्तक संस्कृति का भविष्य उज्ज्वल है : सरदार तरनजीत सिंह संधू
(मुकेश सेठ)(मुम्बई)
दिल्ली के एलजी ने एनबीटी द्वारा प्रकाशित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद् और समाज सुधारक सरदार तेजा सिंह समुंद्री के जीवन पर आधारित मराठी पुस्तक ‘सरदार तेजा सिंह समुंद्री : कर्तृत्व आणि वारसा’ का किया विमोचन
मुंबई पुस्तक महोत्सव में अन्तरिक्ष यात्री शुभ्रांशु शुक्ला ने अन्तरिक्ष यात्रा के अनुभव सुनाते हुए लोगों को किया प्रेरित
मुम्बई पुस्तक महोत्सव में संविधान दिवस पर कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने भारतीय संविधान और हम विषय पर किया विचार व्यक्त
भारतीय संविधान दिवस के गौरव के साथ 26 नवंबर का दिन मुंबईकरों के लिए आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष की याद भी दिलाता है। ऐसे में मुंबई पुस्तक महोत्सव के मंच से साहित्य के साथ कूटनीति, इतिहास, वित्त और कला के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी का संदेश दिया गया। इस पहल ने न केवल मुंबईकरों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया, बल्कि उन्हें भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के हौसले और उपलब्धियों से प्रेरणा भी दी।मुंबई पुस्तक महोत्सव में उपस्थित ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, एसी का स्वागत महोत्सव के मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी तथा एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने किया। ‘गुड आफ्टरनून मुंबई’ सत्र में शुभांशु ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अंतरिक्ष यात्रा के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मुंबई पुस्तक महोत्सव में युवाओं की इतनी बड़ी भीड़ और उत्साह उन्होंने पूरे देश में कहीं और नहीं देखा। उन्होंने युवाओं को करियर के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया।’युवा शक्ति : भविष्य का निर्माण’ विषय पर ऋषभ शाह के साथ चर्चा में महोत्सव के मुख्य आयोजक अमित साटम ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जुनून, सकारात्मक सोच और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है।दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने ‘डिप्लोमेसी टू डिस्कोर्स : राजनयिक चातुर्य का संवाद’ सत्र में नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया के निदेशक युवराज मलिक के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बच्चों की भारी उपस्थिति उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। धीरे-धीरे हम पुस्तकों से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे में बच्चों और छात्रों की पुस्तकों के प्रति रुचि देखकर अच्छा लगा। मलिक ने बताया कि महोत्सव में अब तक दो लाख से अधिक युवा भागीदारी कर चुके हैं।इस अवसर पर संधू ने एनबीटी द्वारा प्रकाशित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद् और समाज सुधारक सरदार तेजा सिंह समुंद्री के जीवन एवं योगदान पर आधारित मराठी पुस्तक ‘सरदार तेजा सिंह समुंद्री : कर्तृत्व आणि वारसा’ का विमोचन किया। इस अवसर पर एनबीटी के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद मराठे भी उपस्थित थे।इससे पहले महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कवि विजय वसंत वेदपाठक और पत्रकार प्रदीप निफाडकर की उपस्थिति में ‘भारतीय संविधान और हम’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को याद किया। राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने वित्तीय साक्षरता सत्र में अपने विचार रखे।’मराठी अस्मिता : वैश्विक प्रभाव’ विषय पर एनबीटी के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, राजेश पांडे और प्रदीप निफाडकर ने चर्चा की। मराठे ने कहा कि मराठी बेहद प्रभावशाली भाषा है और इसकी प्रगति पूरी दुनिया को चमत्कृत कर रही है।’पानीपत’ और ‘महासमर’ जैसी कालजयी कृतियों के रचनाकार विश्वास पाटील से तपस्या नेवे ने ‘उपन्यास लेखन में प्रयोग’ विषय पर बातचीत की। प्रो. कृष्णमूर्ति हनुरु और कला भागवत ने ‘प्राचीन कन्नड़ साहित्य’ पर चर्चा की।इस दौरान ‘अग्निदिव्य’, ‘वारणेचा वाघ’, ‘चिखलातील कमळ’, ‘वैजयंता’, ‘आवडी’, ‘अल्गुज : सॉन्ग ऑफ द फ्लूट’, ‘मंकीज हिल’, ‘गोल्ड फ्रॉम द ग्रेवयार्ड’, ‘निखारा : एंबर ए स्मोल्डरिंग कोल’, ‘खुलवाडी’, ‘दहावी नापास’ और ‘एटीट्यूड मैटर्स’ सहित कई पुस्तकों का विमोचन किया गया। डॉ. किशन पवार, डॉ. दीपक नानावरे और मुंबई विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. रवींद्र कुलकर्णी ने पुस्तकों का लोकार्पण किया।किशोर लेखक रेहान हेरेडिया की पुस्तक ‘क्रॉनिकल्स ऑफ केऑस : इतिहास बदलने वाली गलतियां’ का भी विमोचन हुआ। वहीं, सतेज जानोरकर, संतोष सिंह, ओबैद आजमी और राजेश हिंगू ने बहुभाषी काव्य सत्र ‘बहुभाषी काव्यशाला’ में हिस्सा लिया।





