(मुकेश सेठ) (मुम्बई)
मुम्बई पुस्तक महोत्सव में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद निकम ने कहा कि मोदी और फडणवीस के आग्रह पर बना सांसद
सुप्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंतशिर ने कहा युवाओं में गति से दोगुनी विचार की गहराई होनी चाहिए
26 नवंबर 2011 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान में बैठकर साजिश रचने वाले आतंकियों के आकाओं के खिलाफ अब कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने आगे बताया कि मुंबई हमले के दौरान पाकिस्तान के कराची में एक कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से मुंबई में हमला कर रहे आतंकियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। इन आतंकियों और कराची में बैठे हैंडलरों के बीच बातचीत के रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।दुर्दांत आतंकी अज़मल कसाब को फांसी दिलाने वाले अधिवक्ता निकम के मुताबिक संबंधित हैंडलर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसके परिणाम सामने आएंगे।वहीं मुंबई पुस्तक महोत्सव में वरिष्ठ पत्रकार जीतेंद्र दीक्षित के साथ संवाद के दौरान निकम ने 26/11 के मुकदमे से जुड़े कई अनसुने और दिलचस्प अनुभव साझा किए।उन्होंने कहा कि अजमल कसाब को फांसी दिलाना उनकी कानूनी लड़ाई का अंतिम उद्देश्य नहीं था। असली मकसद कसाब के जरिए पाकिस्तान में रची गई साजिश, आतंकी नेटवर्क और उसके संचालकों को बेनकाब करना था।निकम ने बताया कि मुकदमे के दौरान कसाब उन्हें ‘बादशाह’ कहकर बुलाता था। वह उससे रोज बातचीत कर उसकी मानसिकता और अपराध के पीछे की सोच समझने का प्रयास करते थे। एक बार कसाब ने उनसे सिगरेट मांगी। निकम ने सिगरेट देने के बदले उससे ऐसी जानकारी मांगी, जो उसने पुलिस को भी नहीं बताई थी। इसी बातचीत में कसाब ने रिगल सिनेमा पर भी हमला करने की योजना का खुलासा किया था।अपने राजनीतिक सफर पर निकम ने कहा कि उनका राजनीति में आने का कभी इरादा नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विशेष आग्रह और विश्वास के बाद उन्होंने राज्यसभा जाने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता आज भी कानून और न्याय के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है।मुंबई पुस्तक महोत्सव में विशेष रूप से उपस्थित प्रसिद्ध गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने कहा कि नई पीढ़ी को आधुनिक समय की तेज रफ्तार के साथ अपने विचारों में गहराई भी विकसित करनी चाहिए। युवाओं के भीतर जितनी गति है, उससे दोगुनी गहराई उनके विचारों में होनी चाहिए। यही मेरा सपना है।मुंबई पुस्तक महोत्सव में एक परिसंवाद के दौरान उन्होंने नई पीढ़ी की बुद्धिमत्ता और समझदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपनी भावनाएं व्यक्त करने के तरीके में बदलाव आया है। आज की पीढ़ी भले ही कम बोलती हो, लेकिन उसकी भावनाएं उतनी ही गहरी और प्रबल हैं। भारतीय संस्कृति में रामलीला और कृष्णलीला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुति तैयार करने के पीछे की सोच साझा की। उन्होंने कहा कि भारतीय कहानियां दुनिया की किसी भी अन्य कहानियों से कम नहीं हैं। इन्हें भी वैश्विक स्तर पर भव्य और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।पुस्तकों से जुड़ने का आह्वान करते हुए मुंतशिर ने कहा कि पढ़ने से व्यक्ति अधिक संवेदनशील और समझदार बनता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़नी चाहिए।




