(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)
यह वही नोएडा दादरी की मुख्य सड़क है जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा के विकास की कहानी लिखी गई है।कल शाम नोएडा से लौटते हुए इस सड़क की दुर्दशा देखकर मन खिन्न हो गया। कुलेसरा हिंडन नदी पुल से दादरी फ्लाईओवर तक यह सड़क बेहद ही बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह टूटी, जलभराव से ग्रस्त और बेतरतीब कट होने से यह सड़क इसपर से गुजरने वाले लोगों के लिए सजा बन गई है। कुलेसरा हिंडन नदी पुल से दादरी फ्लाईओवर तक की दूरी लगभग 13 किलोमीटर है। इन 13 किलोमीटर में इस सड़क पर कुलेसरा, हल्द्वानी,सुथ्याना, सूरजपुर,देवला और तिलपता गांव आते हैं जो गांव न रहकर अच्छे खासे कस्बों में तब्दील हो गये हैं। असंख्य किरायेदारों और दुकानों के कारण इन कस्बानुमा गांवों से गुजरने के दौरान यह सड़क पूरी तरह अतिक्रमण और भारी यातायात के बोझ तले दबी रहती है। हल्द्वानी मोड़ पर कट होने से हमेशा वहां जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह शाम तो आने जाने वालों को भारी परेशानी झेलनी ही पड़ती है। क्या इस कट को बंद कर हल्द्वानी मोड़ के दोनों ओर कुछ दूरी पर यू-टर्न नहीं बनाए जा सकते?इसी प्रकार सुथ्याना और सूरजपुर में कट बंद करने से यातायात निर्बाध हो सकता है।देवला में आने जाने वाली दोनों सड़कों के बीच वन विभाग की ग्रीन बेल्ट में लगने वाली सब्जी मंडी को किसी और स्थान पर स्थानांतरित करने भर से यहां का जाम समाप्त हो सकता है परंतु यह ग्रीन बेल्ट धीरे धीरे पुलिस और भूमाफियाओं के चंगुल में फंसती जा रही है।तिलपता गांव अपने आप में एक समस्या है। यहां लोगों ने इस सड़क पर अपनी दुकानें से अतिक्रमण कर रखा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वर्षों से यहां सड़क और नाले का निर्माण करा रहा है परंतु एक किलोमीटर लंबे टुकड़े में उसे ऐसा करने में सफलता नहीं मिल पा रही है। सूरजपुर में भी कई महीनों से बनाई जा रही यह सड़क स्थानीय लोगों का सहयोग न मिलने से पूरी नहीं हो पा रही है। नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और 130 मीटर रोड बन जाने के बावजूद नोएडा दादरी रोड आज भी नोएडा दादरी के लिए मेन रोड ही है। इसपर प्रतिदिन आवागमन करने वाले लाखों लोग अतिक्रमण, जलभराव और टूटी फूटी होने से न केवल अपने भाग्य को बल्कि प्राधिकरण को भी खूब कोसते हैं। हालांकि प्राधिकरण समूची समस्या का दोषी नहीं है परंतु जगह जगह बने कट बंद करके और टूट फूट दूर करने से इस सड़क का न केवल उद्धार हो सकता है बल्कि इसका पुराना गौरव भी वापस लौट सकता है।




