(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
पोलैंड के उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री ने कहा वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक कूटनीति दुनियां को एक बड़े परमाणु विनाश से बचाया
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत की ‘शांतिदूत’ वाली भूमिका पर पोलैंड ने एक बेहद सनसनीखेज खुलासा किया है।
पोलैंड के उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री व्लादिस्लाव बार्टोशेव्स्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक कूटनीति की सराहना करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप ने दुनिया को एक बड़े परमाणु विनाश से बचा लिया।
दो दिन के भारत के दौरे पर आए बार्टोशेव्स्की ने समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) को दिए इंटरव्यू में वर्ष 2022 की एक गुप्त कूटनीतिक घटना का जिक्र किया। उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री के अनुसार, 2022 के अंत में जब युद्ध अपने चरम पर था, तब पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की थी। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन को यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने से रोका था। यह दुनिया के लिए एक अत्यंत सकारात्मक भूमिका थी।” पोलैंड ने स्वीकार किया कि भारत अब केवल एक दर्शक नहीं, बल्कि दुनिया के मामलों में एक निर्णायक और सकारात्मक शक्ति है।
आर्थिक मोर्चे पर भारत की प्रगति का लोहा मानते हुए उन्होंने कहा, “भारत अब जीडीपी के मामले में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इतनी बड़ी क्षमता और डेढ़ अरब की आबादी वाले देश को नजरअंदाज करना किसी भी देश के लिए समझदारी नहीं होगी।” उन्होंने पीएम मोदी के उस विजन का समर्थन किया जिसमें भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।




