(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
देश में फैशन, मनोरंजन और क्रिएटिव टैलेंट को नया मंच देने की दिशा में हैदराबाद की मीडिया कंपनी ग्रेडिएंट इंफोटेनमेंट ने ‘मिस शी इंडिया 2027’ के मेगा आयोजन की शुरुआत की है। करीब छह महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के 23 शहरों से 15 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। मुंबई के होटल सहारा स्टार में आयोजित कार्यक्रम से ‘ग्रेडिएंट एशियन फैशन टूर’ के 25वें सीजन की शुरुआत भी हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने रैंप पर अपने आत्मविश्वास और फैशन स्टाइल का प्रदर्शन किया। आयोजन का ग्रैंड फिनाले फरवरी में हैदराबाद में प्रस्तावित है, जहां विजेता का चयन किया जाएगा।
इस मौके पर ग्रेडिएंट इंफोटेनमेंट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विमल माथुर ने कहा कि ‘मिस शी इंडिया 2027’ सिर्फ एक प्रतियोगिता या रैंप शो नहीं, बल्कि भारत की क्रिएटिव इकोनॉमी और महिला प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल है। उन्होंने कहा कि 23 शहरों और हजारों प्रतिभागियों के जरिए कंपनी देश की क्रिएटिव प्रतिभाओं को वैश्विक मंच से जोड़ना चाहती है। उनके मुताबिक, आने वाले समय में चयनित प्रतिभाओं को मिलान जैसे अंतरराष्ट्रीय फैशन मंचों पर भी अवसर मिल सकता है। आयोजन में बॉलीवुड और फैशन जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है, जबकि प्रतिभागियों को मेंटरशिप और अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक्सपोजर देने की तैयारी है।
‘मिस शी इंडिया 2027’ की खासियत यह है कि प्रतियोगिता ताज मिलने के साथ खत्म नहीं होगी, बल्कि विजेताओं के लिए इसके बाद करियर के नए रास्ते खुलेंगे। चयनित प्रतिभाओं को बॉलीवुड, ओटीटी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड एंडोर्समेंट तथा विदेशी फैशन शो में काम करने के अवसर देने की योजना है। कंपनी के अनुसार, यह पहल महिला उद्यमिता और प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। ग्रेडिएंट इंफोटेनमेंट प्रोडक्शन, एंटरटेनमेंट, विज्ञापन, ब्रांडिंग, पीआर और फिल्म कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय है। कंपनी फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स के लिए वीएफएक्स, डबिंग और एडिटिंग सेवाएं भी उपलब्ध कराती है। कंपनी ने हाल में क्रिएटिव और ऑरेंज इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए 5,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा भी की है।



