(राजेश बैरागी)(गौतम बुद्ध नगर)
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 8डी में आज गुरुवार को 12 अरब रुपए से अधिक निवेश से स्थापित होने वाले ट्रैक्टर प्लांट का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल शिलान्यास किया। लगभग 100 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाली इस औद्योगिक इकाई में ट्रैक्टर के साथ कृषि यंत्र और बुलडोजर भी बनाए जाएंगे।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में पहले से सफलतापूर्वक ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट संचालित कर रही कंपनी न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर कंपनी और अमेरिका की विश्व प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी फोर्ड के संयुक्त उपक्रम सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आवंटित भूमि पर ट्रैक्टर प्लांट लगाने के लिए आज भूमि शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से किए गए वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी,कृषि मंत्री तथा यमुना प्राधिकरण के सभी अधिकारियों के अलावा अमेरिका से आए फोर्ड तथा न्यू हॉलैंड कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। फोर्ड कंपनी के पदाधिकारी हेलीकॉप्टर से शिलान्यास स्थल पर पहुंचे। न्यू हॉलैंड कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी आदित्य घिल्डियाल ने बताया कि सीएनएच कंपनी द्वारा यहां 1220 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा और लगभग ढाई हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस कंपनी में ज्यादा क्षमता के ट्रैक्टर,कृषि उपकरण तथा बुलडोजर का निर्माण किया जाएगा। कंपनी के उत्पादन का काफी बड़ा हिस्सा निर्यात किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी एस्कॉर्ट तथा जापानी कंपनी कुबोटा के संयुक्त तत्वावधान में 200 एकड़ भूमि पर एक और ट्रैक्टर प्लांट लगाया जा रहा है।




