(संजय राय)
(नई दिल्ली)
रामाज्ञा स्कूल में अन्नपूर्णा देवी फाउंडेशन शताब्दी समारोह के तहत गाला म्यूजिकल फेस्टिवल में भजन सम्राट ने बहाई भक्ति रसधार
नोएडा के सेक्टर-50 स्थित रामाज्ञा स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘अन्नपूर्णा देवी फाउंडेशन शताब्दी समारोह’ के तहत आयोजित गाला म्यूजिकल फेस्टिवल में पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा की प्रस्तुति ने श्रोताओं को भक्ति और संगीत के अद्भुत संगम से मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम पांच बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे और देर रात तक पूरा सभागार तालियों और जयघोष से गूंजता रहा।
अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों और गीतों की ऐसी श्रृंखला प्रस्तुत की कि दर्शक भाव-विभोर हो उठे। उन्होंने ‘राम खड़े हैं लिए धनुष, अब बंसी बजने वाली है’, ‘तेरे मन में राम’, ‘जब प्राण तन से निकले, इतना तो करना स्वामी’, ‘गोविंद जय-जय, गोपाल जय-जय’, ‘हे पावन परमेश्वर मेरे, मैली चादर ओढ़ के कैसे द्वार तुम्हारे आऊं’, ‘राम नाम रटते रहो, जब तक घट में प्राण’ तथा ‘नाम हरी का जप ले बंदे, फिर पीछे पछताएगा’ जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

भजनों के साथ-साथ उन्होंने ‘रमैया वस्तावैया’, ‘डम डम डिगा डिगा’, ‘एक समंदर ने आवाज दी, मुझको पानी पिला दीजिए’, ‘हम लौट आएंगे, कभी अलविदा ना कहना’ और सूफी रंग में रंगा ‘दमा दम मस्त कलंदर’ भी प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों पर दर्शक अपनी सीटों से उठकर झूमने लगे और पूरे सभागार का माहौल संगीतमय हो गया।

दो दिवसीय इस सांस्कृतिक आयोजन में भारतीय शास्त्रीय संगीत के अनेक प्रतिष्ठित कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। 3 और 4 जुलाई को हुए इस समारोह का उद्देश्य संगीत की महान विभूति अन्नपूर्णा देवी की जन्मशती को यादगार बनाना और भारतीय शास्त्रीय एवं भक्तिमय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।



