★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने देश में जनसंख्या नियंत्रण क़ानून लागू करने की बात कही थी,आज विधायक मसूद ने किया पलटवार}
[आरिफ़ मसूद ने यूपी में पकड़े गए अलकायदा आतंकियों के बाबत अखिलेश यादव के बयान का समर्थन करते हुए कहा उन्होंने कुछ सोच समझकर ही कहा होगा]
(मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास नारँग भी कह रहे हैं कि राज्य में लागू हो जनसंख्या नियंत्रण क़ानून)
♂÷उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा सूबे में जनसंख्या नियंत्रण पॉलिसी के जारी होने के बाद अब मध्यप्रदेश में भी जनसंख्या कानून को लेकर मांग उठने लगी है. एक तरफ तो चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग राज्य में जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद इस कानून का विरोध कर रहे हैं.आरिफ मसूद का कहना है कि हम जनसंख्या नियंत्रण नीति का विरोध करते हैं. आरिफ मसूद ने सवाल करते हुए कहा है कि पहले यह तय किया जाए कि आखिर इसकी जरूरत ही क्या है?
उन्होंने कहा सिर्फ पोलराइजेशन करने के लिए अगर इस तरह की नीति बनाई जाएगी तो यह गलत है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं और चुनाव को देखते हुए इस तरह का पोलराइजेशन किया जा रहा है.
भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने जनसंख्या नियंत्रण कानून को पूरे देश में लागू करने की बात कही थी. जिसको लेकर आरिफ मसूद ने कहा कि जिन की खुद की संतान नहीं है वो इसका सुख क्या जानें.
उत्तर प्रदेश में एटीएस की कार्रवाई में पकड़े गए चार आतंकियों की गिरफ्तारी पर पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए हैं. जिसको लेकर आरिफ मसूद ने अखिलेश यादव का समर्थन करते हुए कहा है कि अगर उन्होंने कहा है कि उन्हें यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं है तो कुछ सोच समझकर ही कहा होगा. आरिफ मसूद ने कहा कि पहले भी हमने देखा है कि योगीराज में लोगों को गलत फंसाया गया है, ऐसे में एक सुलझा हुआ नेता अगर कोई बयान देता है तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए.
मध्यप्रदेश कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राज्य में जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग की है. विश्वास सारंग का कहना है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए जरूरी है कि इसे कानून के दायरे में लाया जाए. इसके लिए सरकार में काम होना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस देश की आगे आने वाली पीढ़ी के लिए जरूरी है कि जनसंख्या नियंत्रण में हो. विश्वास सारंग ने कहा कि साधन-संसाधन की अपनी सीमा होती है इसलिए जरूरी है कि जनसंख्या नियंत्रित की जाए. देश की बहुत बड़ी समस्या आबादी है.
कुल मिलाकर इतना तो तय है कि उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश ही नही वरन पूरे देश में जनसंख्या नियंत्रण क़ानून को लेकर राजनीतिक रार मचनी तय है तो आने वाले दिनों में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा चुनाव का परिणाम निश्चित करने में भी बड़ी भूमिका निभाने का माद्दा रखता है।






















