★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद व पूर्व क्रिकेटर गौतम गम्भीर को आईएसआईएस-कश्मीर ने ईमेल कर जान से मारने की दी थी धमकी}
[दिल्ली पुलिस ने कहा कि ईमेल पाकिस्तान के अकाउंट हैंडलर शाहिद हमीद के रूप में हुई,आगे की जाँच हो रही है]
♂÷पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद गौतम गंभीर को आईएसआईएस-कश्मीर द्वारा दी गई जान से मारने की धमकी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया है कि सांसद गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी देने वाले दो ई-मेल पाकिस्तान से भेजे गए थे। सूत्रों ने यह भी बताया कि अकाउंट हैंडलर की पहचान शाहिद हामिद के रूप में हुई है। बता दें कि पुलिस गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है।
बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने कहा था कि उन्हें ‘आईएसआईएस कश्मीर’ से 24 घंटे के भीतर ई-मेल के माध्यम से दो जान से मारने की धमकी मिली थी। पूर्व क्रिकेटर गंभीर ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्हें और उनके परिवार को आईएसआईएस-कश्मीर से जान से मारने की धमकी मिली है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, धमकी भरे पहले मेल में लिखा था, ‘हम आपको और आपके परिवार को मारने जा रहे हैं।’ बीजेपी सांसद के निजी सचिव द्वारा दायर शिकायत में लिखा गया, ‘हमें 23 नवंबर को रात 9.32 बजे सांसद गौतम गंभीर की आधिकारिक आईडी पर आईएसआईएस-कश्मीर से एक ईमेल प्राप्त हुआ।’ इसके बाद दूसरे धमकी भरे मेल में लिखा था, ‘हम तुम्हें मारना चाहते थे, लेकिन तुम कल बच गए। यदि आप अपने परिवार से प्यार करते हैं तो राजनीति और कश्मीर मुद्दे से दूर रहें।’
धमकी के बाद गंभीर के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी थी कि गंभीर की शिकायत को मेल का स्रोत जानने के लिए स्पेशल सेल के साइबर सेल को भेजा गया था. आगे की जांच की जा रही है।






















