★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{नन्दीग्राम में धारा 144 लागू,हेलीकॉप्टर से रखी जा रही नज़र मतदाताओं के इतर बाहरी लोगों का कर दिया गया प्रवेश निषेध}
[EC अधिकारी ने कहा नन्दीग्राम सीट संवेदनशील हाईप्रोफाइल सीट है जहां से सीएम बनर्जी व शुभेन्दु अधिकारी लड़ रहे इलेक्शन,लोग बिना डर के मतदान कर सके चुनाव आयोग कर रहा सुनिश्चित]
(मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह व ममता बनर्जी ने रोड शो कर एक दूसरे को बताया था पश्चिम बंगाल के विकास का दुश्मन)
♂÷पश्चिम बंगाल के नन्दीग्राम विधानसभा सीट पर राज्य के सबसे बड़े चुनावी संग्राम में चुनावी योद्धा के रूप में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व कभी उनके ही बगलगीर रहे अब बीजेपी उम्मीदवार शुभेन्दु अधिकारी के बीच कल गुरुवार को मतदाता वोटिंग के जरिये ईवीएम में किस्मत तय कर देंगे कि नन्दीग्राम का विजेता कौन।मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने इस विधानसभा क्षेत्र में विशाल रोड शो कर लोगों को समझाया कि पश्चिम बंगाल के विकास व महिलाओं की सुरक्षा के लिए ममता बनर्जी की विदाई करनी होगी तो वहीं मुख्यमंत्री व प्रत्याशी ममता बनर्जी ने भी व्हील चेयर पर बैठकर रोड शो किया और लोगों से अपील की कि साम्प्रदायिक ताकतों से बचाने के लिए बीजेपी को दफ़न करना पड़ेगा,हम नन्दीग्राम छोड़कर अब नही जाएंगे।
इस बहुचर्चित व हाईप्रोफाइल सीट पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है।
इलेक्शन कमीशन ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले की वीवीआइपी हॉट सीट नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी।
इस हाई प्रोफाइल सीट पर गुरुवार (1 अप्रैल) को मतदान होगा।
एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा चुनाव आयोग ने एक हेलीकॉप्टर की मदद से इलाके में निगरानी भी शुरू कर दी है,साथ ही निर्वाचन क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए जो लोग नंदीग्राम के मतदाता नहीं हैं उन्हें क्षेत्र में प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘नंदीग्राम संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्र है जहां ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी जैसे हाई प्रोफाइल उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगड़े नहीं और लोग बिना किसी डर के मतदान कर सकें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निषेधाज्ञा लगाने की यही वजह है जो शुक्रवार आधी रात तक लागू रहेगी जो व्यक्ति नंदीग्राम का मतदाता नहीं होगा उसे मतदान खत्म होने तक इलाके में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि धारा 144 लागू होने से पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी है। अधिकारी ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र में केंद्रीय बलों की 22 टुकड़ियों को तैनात किया जा रहा है, इस क्षेत्र में कुल 355 मतदान केंद्र हैं और इनमें से 75 प्रतिशत केंद्रों पर वेबकास्ट की सुविधा है।
उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस के साथ मिल कर केंद्रीय बलों ने इलाके में अहम स्थानों पर वाहनों की जांच शुरू कर दी है।उन्होंने कहा, ‘‘नंदीग्राम में प्रवेश करने देने से पहले वाहनों की अच्छे से तलाशी ली जाएगी. बाहर के किसी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।’’
साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति बाधा डालने की कोशिश करता पाया गया तो ‘‘उससे सख्ती से निपटा जाएगा.’’ अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग ने मतदान वाले दिन इलाके में 22 कर्मियों का त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात करने का भी फैसला किया है। उन्होंने बताया कि ईसी ने अधिकारियों का एक दल भी गठित किया है जो मतदान वाले दिन नंदीग्राम में चुनावी प्रक्रिया पर नजर रखेगा।






















