(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
वाराणसी से नवी मुंबई और नवी मुंबई से वाराणसी के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से पूर्वांचल के हवाई यात्रियों को काफ़ी राहत मिली है।
जिससे कि हवाई यात्रियों में हर्ष देखा जा रहा है।
नवी मुंबई और वाराणसी, वाराणसी व नवी मुंबई के बीच सीधी हवाई सेवा की शुरुआत अकासा एयर द्वारा संचालित की गई है।इस दैनिक उड़ान के शुरू होने से मुंबई महानगर क्षेत्र अन्तर्गत भारी संख्या में रहने वाले नागरिकों को सीधा और तेज हवाई संपर्क की सुविधा उल्लेखनीय है।
इस रूट पर लंबे समय से सीधी उड़ान की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए अकासा एयर ने यह सेवा शुरू की है। कंपनी की फ्लाइट संख्या QP-2001 प्रतिदिन सुबह 6:50 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, वाराणसी से उड़ान भरती है और सुबह 9:20 बजे नवी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचती है। पहली उड़ान के अवसर पर यात्रियों का एयरलाइन के क्रू मेंबर्स द्वारा स्वागत किया गया।
वापसी में फ्लाइट संख्या QP-2004 शाम 6:20 बजे नवी मुंबई से प्रस्थान करेगी और रात 8:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह समय-सारिणी व्यावसायिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक मानी जा रही है।
इस सीधी सेवा के शुरू होने से पूर्वांचल और मुंबई क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी गति मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट या लंबी यात्रा से राहत मिलेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।




