(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
मुंबई भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विदेशी फंडिंग लेने वाले राष्ट्रविरोधियों का है अभिजीत दीपके को समर्थन
साटम ने कहा कि पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा है नीट पेपर लीक के दोषियों को छोड़ा नही जाएगा और फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित कर दी जाएगी कड़ी सजा
महाराष्ट्र के चुनाव में जनता ने जिनको घर बिठा दिया है वो लोग भी इस बहाने तलाश रहे हैं राजनीतिक ज़मीन प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षियों पर कसा तंज़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और देश में क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहे हैं। भारत की इस प्रगति में बाधा डालने के उद्देश्य से छात्र आंदोलन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय भारत विरोधी शक्तियों द्वारा साजिश रची जा है।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुम्बई अध्यक्ष व विधायक अमित साटम ने उक्त आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षियों के द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव का शिकार छात्र न बने।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में सरकार ने चार दिनों के भीतर कार्रवाई की है और 3 मई को नीट परीक्षा रद्द की गई। शिक्षा मंत्रालय ने जांच सीबीआई को सौंप दी तथा इस सन्दर्भ में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने चूक मानते हुए अपनी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की है।
आज प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि नीट पेपर लीक मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय शिक्षा क्षेत्र का बजट 8,225 करोड़ रुपये था, जो मोदी सरकार में अब बढ़कर 1.39 लाख करोड़ रुपये हो गया है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं।
बीजेपी नेता ने आंकड़ेवार बताया कि वर्ष 2004 में सीबीएसई प्री मेडिकल, 2006 में बारहवीं अकाउंट्स, 2007 और 2011 में इंजीनियरिंग, 2008 में प्री मेडिकल टेस्ट, 2012 में एआईआईएमएस प्रवेश परीक्षा, 2013 में महाराष्ट्र में बारहवीं, राजस्थान विश्वविद्यालय, राजस्थान लोक सेवा आयोग और 2014 में सीबीएसई दसवीं गणित एवं अर्थशास्त्र के पेपर लीक हुए थे। उस समय किन मंत्रियों से तत्कालीन सरकार ने इस्तीफा लिया, कितने मामले दर्ज किए गए और कितने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए।
उन्होंने ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगले तीन वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा तथा 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करेगा।
वर्ष 2014 में सरकार के पास पंजीकृत एमएसएमई की संख्या 15 लाख थी, जो आज बढ़कर 7.5 करोड़ हो गई है।
विधायक साटम ने कहा कि इन एमएसएमई के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं ने शिक्षा पूरी कर अपने उद्योग शुरू किए हैं। मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकार ने एमएसएमई को सहयोग दिया है। इसी कारण बड़ी संख्या में युवा भारत सरकार के पास पंजीकृत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आंदोलन के पीछे कहीं न कहीं जियो-पॉलिटिक्स और केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे एफसीआरए कानून का मुद्दा जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति कर रहे भारत को रोकने के उद्देश्य से यह अंतरराष्ट्रीय साजिश रची गई है। देशविरोधी ताकतों को यह समझ आ गया है कि भारत के विपक्षी दलों के नेताओं राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी, अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और महाराष्ट्र के कुछ नेताओं को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है और इसलिए इनके माध्यम से कुछ नए एजेंट तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशाअल्लाह’ और ‘अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ जैसे नारे लगाने वाले लोग आज सीजेपी का समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं।

जिनमें खालिस्तान समर्थक पन्नू, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन, स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, सिमी के संस्थापक सईद कासिम रसूल इलियास, अजमल कसाब के लिए दया याचिका दाखिल करनेवाले कोलीन गोंसाल्विस, नंदिता नारायण, कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं माननेवाली अरुंधति रॉय जैसे भारतविरोधी साजिश कर्ताओं और विदेशी फंडिंग प्राप्त करनेवाले तथाकथित टुकड़े-टुकड़े गैंग तथा धारा 370 दोबारा लागू करने की मांग करनेवालों का अभिजीत दिपके को समर्थन प्राप्त है।
साटम ने कहा कि जर्मनी में रहकर काम करने वाले ध्रुव राठी और अमेरिका में रहनेवाले महाराष्ट्र के गजाभाऊ जैसे लोग देश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। पुलिस पर हमला करनेवाले, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ करनेवाले, महिला पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले और उन पर पत्थरबाजी करनेवाले छात्र नहीं, बल्कि भारतविरोधी शक्तियां हैं, जिन्होंने इस आंदोलन को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में जिन लोगों को जनता ने पूरी तरह नकार कर घर बैठा दिया वे भी इस बहाने अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता व नगरसेवक नवनाथ बन, प्रदेश मीडिया प्रमुख गोविंद येतयेकर, मुंबई भाजपा महासचिव एवं सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख ओमप्रकाश चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




