(संजय राय) (नई दिल्ली)
सभ्य समाज में बाल विवाह की नही होनी चाहिए जगह: भुवन ऋभू
JRC NGO के संस्थापक भुवन ऋभू ने 2030 तक विश्व के सभी देशों को विवाह से मुक्त बनाने के लिए सभी को साथ आने की अपील की
बाल विवाह के विरुद्ध पांच करोड़ लोगों के साथ JRC ने अपने 300 से अधिक संगठनों को लेकर चलाया जन अभियान
बाल विवाह के खिलाफ देशभर में चलाए गए दुनिया के सबसे बड़े जन-अभियान में पांच करोड़ से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर इस कुप्रथा को खत्म करने का संकल्प लिया।पहली बार मनाए गए ‘बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस’ पर देशभर में मशाल जुलूस, कैंडल मार्च, प्रभात फेरियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान की अगुवाई पांच लाख से अधिक महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह से उबरी महिलाओं ने की।जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) और उसके 300 से अधिक सहयोगी संगठनों की ओर से देश के सभी 782 जिलों में आयोजित इस अभियान का विस्तार बाल विवाह के लिहाज से संवेदनशील 1.33 लाख गांवों तक किया गया। संगठन के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में उसके सहयोगी संगठनों ने 6.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं।जेआरसी के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है और सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 2030 तक दुनिया को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सभी देशों से निर्णायक कदम उठाने की अपील की।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू किए गए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की तारीख को ही संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता दी है। भारत सहित 84 देशों के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने चार सितंबर 2026 को 27 नवंबर को यह दिवस मनाने की मंजूरी दी थी।राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार, 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में 18 वर्ष से पहले विवाह की दर 2019-21 के 23.3 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 20.1 प्रतिशत रह गई है। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में बाल विवाह से उबरी महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, धर्मगुरुओं और शादी समारोहों से जुड़े कारोबारियों ने भी बाल विवाह में सहयोग न करने और इसकी सूचना प्रशासन को देने की शपथ ली।







