(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
अदालत में रेत जब्ती के केस चल रहे हैं और इसी दौरान रेत चोरी होने से विभाग में मचा हड़कंप
जब तक मैं वहां था रेत सुरक्षित थी कहा पूर्व क्षेत्रीय अधिकारी जोन 8 अजय शर्मा ने
प्रकरण पुराना है केस में क्या हुआ है देखकर ही बता पाऊंगा क्योंकि अभी मैं यहां नया ही आया हूं बताया जिला खनन अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने
ग्वालियर नगर निगम क़े क्षेत्र क्रमांक 8, वार्ड-18 से जप्त शुदा लाखों की रेत गायब हो गई,लगभग दो दर्जन डंफर रेत को गायब करने का आरोप तत्कालीन क्षेत्रीय अधिकारी अजय शर्मा पर लग रहे हैं।
नगर निगम क़े वार्ड 18 में 11 फ़रवरी 2020 को पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में लगभग 20 फड़ों कार्रवाई कर दो दर्जन से ज्यादा डंपर रेत जब्त की गई थी। यह रेत दीनदयाल नगर स्थित शताब्दीपुरम कॉलोनी से पकड़ी जाकर तत्कालीन क्षेत्रीय अधिकारी अजय शर्मा की सुपुर्दगी में मंगल भवन स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में रखवाई गई थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत कुछ दिनों तक कार्यालय में रखी रही,इसी दौरान अजय शर्मा का ट्रांसफर दूसरे जोन में हो गया। बाद में उनकी पुनः पदस्थापना क्षेत्र-8 में होने पर उन्होंने रात के अंधेरे में लाखों रुपये कीमत की रेत बेचकर ठिकाने लगा दी। लोगों का कहना है कि रेत बेचकर निजी लाभ कमाया गया, जबकि संबंधित केस अभी न्यायालय में लंबित है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में रोष है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
इस बाबत तत्कालीन क्षेत्रीय अधिकारी जोन 8 अजय शर्मा का कहना है कि मैं उस समय क्षेत्रीय अधिकारी था जब्ती पर मेरे हस्ताक्षर नहीं हैं अब मेरा वहां से ट्रांसफर हो गया है , जब तक मैं वहां था रेत सुरक्षित थी, मेरा ट्रांसफर कब हुआ ये जानकारी मुझे नहीं है।
क्षेत्रीय जोन अधिकारी 8 राजेश भदौरिया ने कहा कि वर्तमान में मंगल भवन में कोई रेत नही है और मुझे आए 8 महीने हुए हैं यह प्रकरण मेरी जानकारी में भी नहीं है।
उधर जिला खनन अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने कहा कि प्रकरण पुराना है और केस में क्या हुआ है मै देखकर ही बता पाऊंगा क्योंकि मैं अभी आया हूं।
रेत कारोबारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि इस सन्दर्भ में मेरा केस न्यायलय में विचाराधीन है कोई निर्णय नहीं हुआ है। मैने 2 लाख 50 हजार रुपए का चालान भी शासन क़े खजाने में जमा कर चुका हूं,
मेरे सामने तो रेत मंगल भवन में रखी गई थी।
कुल मिलाकर अदालत में रेत जब्ती के केस चल रहे हैं और मंगल भवन से लाखों का रेत चोरी होने के मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है।




