(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
लाइन बाजार से निकली शोभा यात्रा पूरी रोड घेर कर चलती रही, पुलिस यातायात विभाग ने जाम में फंसे वाहनों को बगल से निकालने के लिए नहीं समझी जरूरत
लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक ने कहा सुरक्षित रूप से शोभा यात्रा कराया गया सम्पन्न, कुछ दिक्कतें हो जाती हैं
यातायात प्रभारी मनोज पांडेय ने कहा आवागमन को सुगम बनाने के लिए विभागीय कर्मी लगाए गए थे
जौनपुर शहर स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में 22 अप्रैल से लेकर 29 अप्रैल तक एक सप्ताह तक चलने वाले श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के तहत आयोजित किया गया है।
आयोजकों में अधिकतर लोग सत्ताधारी दल से जुड़े नेता, बड़े बिल्डर, पूर्व आईएएस, बड़े व्यापारी शामिल हैं जिसके कारण आठ दिवसीय कथा विशाल और भव्य रूप में किया जा रहा है।
जिसमें प्रसिद्ध कथा व्यास शिवानंद भाई श्री श्रोताओं को भागवत कथा का कर्णपान कराएंगे।

इसी क्रम में आज उनका आगमन जौनपुर में हुआ तो आयोजकों ने दबंग अंदाज में कथा व्यास की शोभायात्रा दिन में ग्यारह बजे से
लाइन बाजार से निकाली। यह शोभायात्रा लाइन बाजार से प्रारम्भ होकर पॉलिटेक्निक चौराहा,ओलंदगंज, कोतवाली चौराहा, चम्बल तारा से होते हुए शाम तक बीआरपी कॉलेज मैदान तक पूरी कराई गई।
मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे जहां पर लोगों द्वारा कथा व्यास शिवानंद भाई श्री को रोककर उन्हें माल्यार्पण कर स्वागत करने के साथ ही उनसे आशीर्वाद लेते देखे गए।
इस दौरान पुलिस यात्रा को सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुंचाने में लगी रही किन्तु काफिले के द्वारा पूरी रोड घेर कर चलने की वजह से पीछे लगे सैकड़ों छोटे बड़े चार पहिया,दो पहिया, टोटो रिक्शा वाहन जाम में फंसे बिलबिलाते रहे लेकिन पुलिस और यातायात विभाग ने काफिले को आधे रोड में और बाकी आधे रोड में से पीछे के वाहन को आगे जाने का रास्ता बनाने की न तो जरूरत समझी न ही जहमत उठाई।

इस चिलचिलाती धूप में कई किलोमीटर तक लगे जाम में एंबुलेंस,लंबी दूरी की रोड़वेज की बसें, कार आदि थी।
यात्रियों को गर्मी में प्यास से परेशान होते देखा गया तो वहीं बीमार, बूढ़े और बच्चे हलकान होकर आयोजकों से अधिक सरकार, पुलिस प्रशासन को कोसते दिखे।
लोग चर्चा करते रहे की एक तरफ तो आयोजकों द्वारा ऐसे बड़े कथा व्यास को बुलाकर समाज हित का बहुत सुंदर कार्य किया जा रहा है किंतु जिस तरीके से पूरे रोड को घेर कर जाम करके शोभा यात्रा निकाली गई और पीछे वालों को अपने गंतव्य को जाने के जगह नहीं दिया गया वह निंदनीय है।
इस बाबत जब लाइन बाजार थाना अध्यक्ष से पूछा गया तो उन्होंने कहा की शोभायात्रा में ऐसा होना सामान्य बात है और अनुमति के अनुसार पूर्व निर्धारित मार्ग से शोभायात्रा को सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुंचाया गया।
जबकि यातायात निरीक्षक ने कहा कि यातायात व्यवस्था के लिए सिपाही लगाए गए थे।



